ह्रितिक को गोद लेंगे संजय लीला भंसाली
14 Oct
2007
संजय इन दोनों के तीसरे पैरंट की तरह हैं और उनके कपड़ों से लेकर बालों व हावभाव तक का पूरा ध्यान उन्होंने शूटिंग के दौरान रखा।
यह बात तो अब जानते हैं कि 'सांवरिया' की शूटिंग के दौरान संजय लीला भंसाली ने एक तरह से रणबीर कपूर और सोनम कपूर को गोद ही ले लिया था। दरअसल, फिल्म की शूटिंग के दौरान वह इन दोनों का बच्चों की तरह ध्यान रखते थे। इस बारे में फिल्म के म्यूजिक लॉन्च के दौरान अनिल कपूर ने कहा भी था कि संजय इन दोनों के तीसरे पैरंट की तरह हैं और उनके कपड़ों से लेकर बालों व हावभाव तक का पूरा ध्यान उन्होंने शूटिंग के दौरान रखा। खैर, इनका मामला तो अब पूरा हो चुका है और सवाल यह है कि इनके बाद भंसाली किसे 'गोद' लेने वाले हैं।
वैसे, सुनने में आया है कि हाल ही में राकेश रोशन ने भंसाली से पूछा है कि वह ह्रितिक के साथ कब काम करना पसंद करेंगे। इसके जवाब में भंसाली का कहना था कि वह ह्रितिक के साथ काम करने को बेताब हैं, लेकिन उनके साथ फिल्म बनाने के लिए वह खास स्क्रिप्ट का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि भंसाली के ऑफिस से यह खबर भी आई है कि इन दिनों में वह एक स्पेशल स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं और इसके लिए जल्दी ही इंडस्ट्री के बड़े हीरो को अप्रोच करने जा रहे हैं।
|