अजमेर देश में 3जी स्पैक्ट्रम की नीलामी को लेकर हंगामा हो रहा हो, लेकिन कल चौथी पीढी की वाईमैक्स सेवा का शुभांरभ केन्द्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री सचिन पायलट ने कर दिया। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने दूर दराज के क्षेत्रों और गांवों को इन्टरनेट से जो़डने के लिए देश की पहली वायरलैस ब्रॉडबैण्ड सेवा (वाईमैक्स) शुरू की है। केन्द्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री सचिन पायलट ने रविवार को राजस्थान के अजमेर जिले के पीसागन गांव में इस तकनीक का उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को सपर्पित किया। इस तकनीक से ग्रामीण क्षेत्रों में कॉमन सर्विस सेंटर के 15 किलोमीटर के दायरे मे ब्रॉडबैण्ड की (एमबीपीएस) की स्पीड हासिल की जा सकेगी। यह चौथी पीढी की दूरसंचार सेवा है जिससे दूरदराज के इलाके भी लाभान्वित हो सकेंगे। पायलट ने इस मौके पर कहा कि यह तकनीक भारत के गांवों को विश्व ब्रॉडबैण्ड मानचित्र पर लाने में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि इससे शहरों और गांवों को जोडनेमें मदद मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में टेलीफोन घनत्व बढे़गा। बीएसएनएल के सूत्रों ने बताया कि यह तकनीक ऎसे क्षेत्रों के लिए वरदान साबित होगी जहां न तो अभी बुनियादी फोन की सुविधा है और न मोबाइल नेटवर्क ही काम रहे है। सूत्रों ने बताया कि तकनीक राज्य सरकारों की ई-गर्वनेस परियोजनाओं से जुडे कार्यो के लिए विशेष रूप से कारगार साबित होगी।