बीकानेर पंचायत राज को मजबूत बनाने में राजीव गांधी सेवा केन्द्र मील का पत्थर साबित होंगे। इससे न सिर्फ पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का गांव-गांव तक कम्प्यूटर पहुंचाने का सपना साकार हो सकेगा, बल्कि पंचायतराज से आम आदमी का जुडाव भी संभव होगा। प्रभारी मंत्री तथा कृषि व पशुपालन मंत्री हरजीराम बुरडक ने पंचायत समिति बीकानेर में आज भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्र के शिलान्यास अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी सेवा केन्द्र कम्प्यूटरीकृत होंगे, जिनमें प्रत्येक पंचायत की कार्य योजनाओं एवं विकास कार्यो लेखा जोखा उपलब्ध रहेगा। जिला प्रमुख रामेश्वर लाल डूडी ने कहा कि सेवा केन्द्र के कंप्यूटरीकृत होने से ग्रामीणों को सभी योजनाओं व पंचायत के कार्यों की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी, जिससे पंचायत क्षेत्रों का भी सर्वांगीण विकास होगा। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भोमराज आर्य ने इसे ग्रामीण विकास के क्षेत्र में शुभ संकेत बताते हुए राज्य सरकार की अच्छी पहल कहा। इस मौके पर पंचायत समिति प्रधान तुलसीराम मूंड, उप प्रधान पृथ्वीराज कूकणा, उप जिला प्रमुख जिला परिषद सदस्य सुरेन्द्र पाल शर्मा, पूर्व उप प्रधान शिवकुमार व्यास, देहात कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मण कडवासरा, डॉ.तनवीर मालावत, हडमान चौधरी, एनएसयूआई अध्यक्ष शिवलाल गोदारा, धर्मचंद चौधरी प्रमुख रूप से उपस्थित थे। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बलवंत सिंह विश्नोई ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि 25 लाख रूपए की लागत से बनने वाले इस केन्द्र को क्षेत्र के सभी गांवों से जोडा जाएगा। ग्रामीण इस केन्द्र में आकर नवीनतम कृषि तकनीकों और जिन्सों के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे।