डूंगरपुर (सू.का.)जिला कलक्टर नीरज के. पवन ने कहा है कि जिले में आयोजित होने वाले उद्योग मेले में अधिकाधिक उद्यमियों की सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि मेले को भव्य एवं अधिक लोकप्रिय बनाया जा सके।
कलक्टर पवन डूंगरपुर में आगामी २३ फरवरी से २९ फरवरी तक आयोजित होने वाले डूंगरपुर उद्योग एवं हस्तशिल्प मेला २००७ - ०८ के सफल आयोजन हेतु मंगलवार को स्थानीय जिला कलक्टर कार्यालय म आहूत बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मेले को आम जन के लिए बहुपयोगी बनाने की बात भी कही वहीं इसे भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। आरंभ में जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक विपुल जानी ने मेले के आयोजन के संबंध में प्रस्तावित व्यवस्थाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक में मेला स्थल लक्ष्मण मैदान पर विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध मे आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए गए। कलक्टर ने इस संबंध में विभिन्न प्रतिष्ठानों के लिए निर्धारित की जाने वाली दरों के संबंध में जानकारी ली।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर टी आर जोशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुलश्रेष्ठ,चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रमेश चंद्र जैन, जिला उद्योग संघ के उपाध्यक्ष गुलाब शर्मा, जिला उद्योग अधिकारी पृथ्वीराज जैन, श्रम कल्याण अधिकारी बी सी व्यास, एक्सईएन, एवीवीएनएल बी एल जैन, एक्सईएन पीएचईडी वी के जैन, जिला खेल अधिकारी प्रेमचंद शर्मा, सहायक वाणिज्यिक कर अधिकारी मोहम्मद हुसैन अंसारी, महारावल उमावि प्राचार्य डॉ हितेष भट्ट सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।