डेयरडेविल्स - राजस्थान रॉयल्स के बीच धमासान आज
15 Mar
2010
दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम आईपीएल-3 में सोमवार को यहां के सरदार पटेल स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत की लय बरकरार रखने उतरेगी। वहीं, टूर्नामेंट के पहले संस्करण की विजेता रॉयल्स की टीम को टूर्नामेंट में पहली जीत की तलाश रहेगी। डेयरडेविल्स ने अपने पहले मैच में शनिवार को किंग्स इलेवन को हराकर आईपीएल-3 में अपने अभियान की जीत से शुरुआत की है। जबकि, राजस्थान रायल्स शनिवार को ही मुंबई इंडियंस से हार चुकी है। कप्तान गौतम गंभीर की अगुवाई वाली डेयरडेविल्स की टीम काफी संतुलित है। टीम की बल्लेबाजी लाइन-अप गंभीर, वीरेंद्र सहवाग, तिलकरत्ने दिलशान, एबी डीविलियर्स, मिथुन मन्हास, दिनेश कार्तिक, फरवीज माहरूफ के रूप में लंबी और मजबूत है। टीम के पास डिर्क नानेस, आशीष नेहरा, फरवीज महरूफ, अमित मिश्रा, वेन पर्नेल, आविष्कार साल्वी, प्रदीप सांगवान जैसे बेहतरीन गेंदबाज भी हैं। राजस्थान रॉयल्स के पास भी मैचजिताऊ खिलाड़ियों की कमी नहीं है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ यूसुफ पठान अपना रौद्र रूप पहले ही दिखा चुके हैं। ग्रीम स्मिथ, डेमियन मार्टिन, दिमित्री मैस्करेनहास, माइकल लंब, स्वप्निल असनोदकर, नमन ओझा के रूप में उसके पास अच्छा बल्लेबाजी क्रम है। टीम की गेंदबाजी की कमान कप्तान शेन वार्न और शॉन टैट के हाथों में रहेगी। मोर्न मोर्केल, मुनाफ पटेल, सिद्धार्थ त्रिवेदी, कामरान खान, अमित उनियाल के रूप में उसके पास गेंदबाजी के लिए काफी विकल्प मौजूद हैं।
|