श्रीगंगानगर, (लक्ष्मीकान्त शर्मा) देश की केन्द्र सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना (नरेगा) में धांधलेबाजी को लेकर आज सीटू पार्टी के नेतृत्व में सैंकडों मजदूरों ने उपखण्ड अधिकारी घडसाना का घेराव किया। प्रदर्शन करने वाले लोग नरेगा में मजदूर है। आंदोलनकारियों का नेतृत्व पूर्व प्रधान पवन दुग्गल ने किया। नरेगा में 100 रुपए मजदूरी देने, एक माह से मजदूरों का भुगतान नहीं करने, मजदूरों को मेडिकल किट उपलब्ध करवाने व वंचित मजदूरों को जॉब कार्ड देने की मांग को लेकर माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व में घडसाना तहसील में चल रहे नरेगा के कार्यो में लगे मजदूर धानमण्डी में एकत्रित हुए और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को तुरन्त निराकरण करने की मांग को लेकर उपखण्ड अधिकारी का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों में महिलाओं की संख्या अधिक थी।