सूरतगढ, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के दल ने यहां रेलवे कॉलोनी स्थित एक क्वाटर में रिश्वत लेते एक पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। संगीता हलके के पटवारी रायसाहब के कार्यालय में रखे गद्दे से रिश्वत की राशि 4500 रुपये बरामद किये गये हैं। ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर लाल जाट के नेतृत्व में की गई इस कार्यवाही के बाद मौहल्ले में काफी भीड इक्टठी हो गई। श्री जाट ने बताया कि चक 2 पीपीएम निवासी सुरेश कुमार पुत्र मदनलाल बिश्ा*ोई को बैंक लिमिट बनाने के लिए जमाबंदी व गिरदावरी की नकल की जरूरत थी। इसकी एवज में पटवारी ने 5000 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। सौदा 4500 रुपये में तय हुआ। मंगलवार शाम को रेलवे कॉलानी स्थित क्वार्टर नं. ई 50 में स्थित कार्यालय में पहुंचकर सुरेश ने 4500 रुपये देने चाहे तो पटवारी ने यह राशि सुरेश से अपने कार्यालय में रखे गद्दे में रखने को कहा। गद्दे में राशि रखते ही ब्यूरो दल ने छापा मारकर पटवारी को गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो के दल में उपअधीक्षक दीक्षा कामरा, निरीक्षक प्रशांत कौशिक, सिपाही जगदीश कुमार शामिल थे। कल पटवारी रायसाहब को बीकानेर स्थित एसीबी न्यायालय में पेश किया जायेगा।