बीकानेर, जिले में पांचू थाना इलाके के गांव जांगलू में विगत सप्ताह आपसी रंजिश को लेकर हुई कातिलाना हमले की वारदात में सिर में घातक चोट लगने से घायल हुए राजाराम पुत्र भंवरलाल 25 नामक युवक की आज पीबीएम अस्पताल में दौराने इलाज मौत हो गयी। जबकि राजाराम के साथ घायल हुए जयसुख राम और रतिराम विश्नोई अभी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विगत 9 सितम्बर की रात जांगलू में हुई वारदात के दौरान हथियारों से लैश होकर पिकअप गाडी में आये किशनलाल, संतलाल, रामेश्वर, सोहनलाल, रामूराम, महिराम आदि जनों ने रतिराम विश्नोई को घेरकर उस पर हथियारों से हमला बोल दिया। इस दरम्यान मौके पर बीच बचाव कर रहे जयसुखराम और राजाराम विश्नोई को भी हमलावरों ने घायल कर दिया और दहशत फैलाने के लिए मौके पर हवाई फायर कर भाग छूटे। इस वारदात में घायल हुए युवक राजाराम की मौत हो जाने के बाद पुलिस ने इस संबंध में कातिलाना हमले की वारदात के मामले में हत्या की धारा जोड दी है। मृतक के शव का आज मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों को सौंप दिया है।