डूंगरपुर १५ नवंबर/जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग द्वारा डूंगरपुर नगर के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित हो रहे पांच दिवसीय भव्य वागड महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
जिला कलक्टर नीरज के. पवन ने बताया कि पर्यटन की दृष्टि से डूंगरपुर की राष्ट्रीय मानचित्र पर विशिष्ट पहचान बनाने के उद्देश्य से आयोजित वागड महोत्सव में इस बार आम जनों को राजस्थानी संस्कृति से रूबरू कराने के लिए विभिन्न लोक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जाएंगे। इसके अतिरिक्त पडौसी राज्यों की संस्कृति का दिग्दर्शन कराने वाले कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि ‘ वागड महोत्सव‘ की प्रथम रात्रि लोक कलाकारों के नाम रहेगी। इसके तहत २१ नवंबर को लक्ष्मण मैदान में पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र उदयपुर के सहयोग से अहमदाबाद की स्माना बैन के दल द्वारा सिद्धी धमाल, राजेन्द्र बी रावल के द्वारा केरवा नो वेश प्रस्तुत किया जाएगा। इसी प्रकार मानसा पंजाब के तरसेम कलहमी द्वारा पंजाबी भांगडा, चौरवाड (जूनागढ) के नरसीह पुना सेवरा द्वारा गरबा नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।
कलक्टर पवन ने बताया कि भरतपुर के ललित चरकला द्वारा होली के अवसर पर किया जाने वाला प्रसिद्ध होली नृत्य व मयूर नृत्य किया जाएगा। बाडमेर के प्रसिद्ध लोककलाकार गाजी खां का कार्यक्रम, कालबेलिया नृत्य के दम पर विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाली प्रख्यात नृत्यांगना गुलाबो तथा अलवर के प्रसिद्ध भपंग वादक जफर खां मेवाती के कार्यक्रम आयोजित होंगे।
महोत्सव की दूसरी संध्या को अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन आयोजित होगा जिसमें विनीत चौहान(अलवर), प्रताप फौजदार(मुम्बई), विष्णु सक्सेना(सिकन्दराबाद), संजय झाला(दौसा), मंजू दीक्षित(आगरा), रास बिहारी गौड(अजमेर), एकेश पार्थ(जयपुर), प्रवीण शुक्ल(दिल्ली) तथा पद्म अलबेला(अलीगढ) काव्य पाठ करेंगे।
जिला कलक्टर पवन ने बताया कि वागड महोत्सव की तीसरी संध्या होगी महाराष्ट्र के थाना से आए कलाकारों के दल ‘सृजन आर्ट‘ द्वारा शास्त्रीय व लोकसंस्कृति को प्रदर्शित करते कार्यक्रम प्रस्तुत किये जाएंगे।
वागड महोत्सव में २४ व २५ की संध्या होगी सूरों के नाम जब भारत के उभरते हुए गायक अपनी कला का जादू बिखेरेंगे। नई दिल्ली की ईवेन्ट मेनेजमेंट कंपनी बी टू इवेन्ट्स के माध्यम से सुप्रसिद्ध पाश्र्व एवं पॉप गायक जसवीर जस्सी के संगीत संध्या होगी तो २५ नवंबर की शाम को वॉयस ऑफ इण्डिया के माध्यम से अपनी पहचान बना चुके गुलाबी नगर के कलाकार तोषी एवं सुमीरा अयर द्वारा सांगितिकी प्रस्तुतियां देकर सुरों की बरसात की जाएगी।
विशेष लाईट एण्ड साउण्ड इफेक्ट
बी टू इवेन्ट्स के माध्यम से आयोजित हो रही जसवीर जस्सी, तोषी एवं सुमीरा अइयर के कार्यक्रमों का विशेष आकर्षण इसमें किया जा रहा लाईट शो रहेगा। बी टू इवेन्ट्स के मैनेजर डीपी चौहान ने बताया कि इस दौरान लाईट्स एवं साउण्ड के स्पेशल इफैक्ट्स विश्ष आकर्षण के केन्द्र रहेंगे। इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही है।