पिछले दो शैक्षिक सत्रों से आईआईटी कानपुर परिसर से संचालित आईआईटी राजस्थान को अगले साल जून में जोधपुर ले जाया जाएगा। नया परिसर तैयार होने तक आईआईटी राजस्थान को जोधपुर स्थित सरकारी एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में संचालित किया जाएगा। राजस्थान आईआईटी के परिसर निर्माण के लिए मानव संसाधन मंत्रालय ने जोधपुर-नागौर राजमार्ग से सटे 700 एकड भूखण्ड को चिन्हित किया है। आईआईटी कानपुर के कुलसचिव एस.एस. कुशलकर ने बताया कि 2009-10 का शैक्षिक सत्र पूरा होने और अगले साल के लिए छात्रों की काउंसलिंग पूरी होने के बाद आईआईटी को जून 2010 में एमबीएम. इंजीनियरिंग कॉलेज में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार आईआईटी राजस्थान में 240 छात्रों ने दाखिला लिया है लेकिन जोधपुर में इसकी शुरूआत के समय छात्रों की संख्या 450 तक सकती है।