बीकानेर संभाग मुख्यालय पर हाईकोर्ट बैंच की मांग को लेकर आंदोलनकारी अधिवक्ताओं ने आज यहां कलक्ट्रेट में सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता बताते हुए प्रभारी मंत्री के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बताया जाता है कि छापामार अंदाज में कलक्टर सभाकक्ष तक पहुंचे वकीलों ने उस समय प्रदर्शन शुरू किया जब प्रभारी मंत्री हरजीराम बुरडक अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। बैठक में संभागीय आयुक्त समेत प्रशासन और पुलिस के आला अफसर गण मौजूद थे, जिसके कारण कलक्ट्रेट में पुलिस जाब्ता तैनात था और सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त थे मगर इसके बावजूद बंदोबस्त थे मगर इसके बावजूद अधिवक्ता गणेश चौधरी, सुरेन्द्र पाल शर्मा, कुलदीप शर्मा, राजेश गुलाटी की अगुवाई में नारेबाजी करते हुए करीब डेढ सौ अधिवक्ता कलक्टर सभाकक्ष तक जा पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिसके कारण सभाकक्ष में मौजूद मंत्री समेत अधिकारी गण हक्के-बक्के रह गये और मंत्री को मीटिंग बीच में छोडकर आंदोलनकारी अधिवक्ताओं से ज्ञापन लेने के लिये उठकर आना पडा। इधर अधिवक्ताओं का आंदोलन आज भी लगातार जारी रहा और क्रमिक अनशन पर बैठे अधिवक्ताओं को शहर व देहात जिला भाजपा अध्यक्ष शशि शर्मा और रामगोपाल सुथार ने माला पहनाई। नव निर्वाचित तीन पार्षदों ने भी आज अधिवक्ताओं के समर्थन में कार्यवाहक जिला कलक्टर अशरफ अली को ज्ञापन सौंपे।