सूरतगढ, 16 जनवरी। माता जीतो जी कन्या महाविद्यालय में गृह विज्ञान विभाग की छात्राओं द्वारा हस्त निर्मित, कला कृतियों की तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन बीकानेर विश्वविद्यालय के कुलपति सी.बी. गेना ने किया। इस अवसर पर आयोजित सादे समारोह में विधायक अशोक नागपाल ने भी शिरकत की। कार्यक्रम में श्री गेना ने कहा कि वर्तमान युग कम्प्यूटर का है। देश-विदेश की अनेक निजी व सरकारी कम्पनियां कम्प्यूटर शिक्षा से जुडी प्रतिभाओं की तलाश रही है। उन्होंने स्पोकन अंग्रेजी पर बल दिया। श्री गेना ने महाविद्यालय की भी मुक्त कंठ से सराहना की। गुरुद्वारा श्री गुरुनानक दरबार की ओर से कुलपति को सरोपा व कृपाण भेंट की। आभार प्राचार्य डॉ. इन्द्रा मलिक ने किया। महाविद्यालय पहुंचने पर श्री गेना को पुष्प गुच्छ भेंटकर व तिलक लगाकर स्वागत किया। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए श्री गेना व श्री नागपाल ने कलाकृतियों की सराहना की। कार्यक्रम में प्रबंध समिति के अध्यक्ष हरनेकसिंह गिल, सचिव उजागर सिंह बराड, उपाध्यक्ष जसराज गुम्बर, विजय कुमार गोयल, कोषाध्यक्ष पवन मोदी, शरणपाल सिंह, परमजीत सिंह बेदी, रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष डॉ. केवलकृष्ण डांग आदि उपस्थित हुए।