बीकानेर, १६ जून (खबरएक्सप्रेस.कॉम)। शिक्षा विभाग की ओर से २८ जून को पूर्वान्ह ग्यारह बजे जयपुर के रामनिवास बाग स्थित रविन्द्र मंच पर भामाशाह सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में राज्य के ५४ भामाशाहों एवं २२ प्रेरकों को सम्मानित किया जाएगा। इन भामाशाहों की ओर से १११०.५७ लाख रुपए की सहयोग प्रदान की गई।
प्रारंभिक शिक्षा के अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) के अनुसार तेरहवें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में राज्य में सम्मानित होने वाले चयनित भामाशाहों में से ३७ भामाशाह माध्यमिक शिक्षा, १५ प्रारंभिक शिक्षा, २ संस्कृत शिक्षा से संबंधित है। चयनित प्रेरकों में १६ प्रेरक माध्यमिक शिक्षा व ६ प्रारंभिक शिक्षा से संबंधित है। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षण संस्थाओं के शैक्षिक, सह शैक्षिक एवं भौतिक विकास के लिए पांच लाख रुपए अथवा इससे अधिक धनराशि का सहयोग देने वाले दानदाताओं एवं विभाग द्वारा निर्धारित मानदंड तक सहयोग देने वाले दानदाताओं को प्रेरित करने वाले प्रेरकों को भामाशाह जयंती पर सम्मान किया जाता है।