जयपुर, १६ नवम्बर। शिक्षा राज्य मंत्री प्रो वासुदेव देवनानी ने बताया कि अजमेर संभाग के चार जिलों अजमेर, भीलवाडा, नागौर व टोंक की चुनिंदा सैकेन्डरी व सीनियर सैकेन्डरी स्कूलों में विभिन्न निर्माण कार्य कराने हेतु नाबार्ड योजना के तहत राज्य सरकार ने पांच करोड रुपये की राशि स्वीकृत की है।
प्रो. देवनानी ने गुरूवार को अजमेर के सर्किट हाउस में प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च शिक्षा, तकनीकी, चिकित्सा शिक्षा के अधिकारियों की बैठक में गत चार वर्षों में अजमेर जिले में हुए विकास कार्यों की पूरी जानकारी ली।
उन्होंने अपने विभाग से जुडे हुए अधिकारियों से कहा कि आगामी २६ जनवरी को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस के मौके पर विभिन्न भवनों के शिलान्यास व लोकार्पण की तैयारी भी करनी होगी।
प्रो. देवनानी ने बताया कि नाबार्ड योजना के तहत गत वर्ष अजमेर संभाग को ४.५७ करोड रुपये स्वीकृत किये गये थे। अजमेर जिले में ४८ स्कूलों में नये निर्माण कार्य कराने हेतु ७४ लाख रुपये की राशि दी गई। इस वर्ष ३० से अधिक स्कूलों में नये निर्माण कार्य कराने हेतु १.६५ करोड रुपये की स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि अजमेर में महिला व लॉ कॉलेज के लिए ३२ बीघा भूमि आवंटित की गई है जिनका शिलान्यास कराया जाना है। जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में १२ करोड रुपये की लागत से बनने वाले ट्रोमा वार्ड का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जायेगा। यहां शिलान्यास, अवलोकन व लोकार्पण के कार्यक्रम भी होंगे। उन्होंने मिड-डे-मील, राजकीय महाविद्यालय, कन्या महाविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, पोलोटेक्निक कॉलेज, व आईटीआई की गतिविधियों की जानकारी ली और बताया कि उत्तर भारत का पहला महिला इंजीनियरिंग कॉलेज अजमेर में प्रारंभ हुआ है जिसके भवन की आधारशिला गत ३० अप्रेल को मुख्यमंत्री ने रखी थी। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की विभिन्न गतिविधियों और कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव श्री एल.डी.यादव, उप निदेशक शिक्षा श्री सुभाष मिश्रा, राजकीय महाविद्यालय व कन्या महाविद्यालय, पोलोटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज व आईटीआई के प्राचार्य तथा जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. आनंद माथुर ने अपने-अपने संस्थान में गत चार वर्षों में हुए विकास कार्यों के बारे में बताया।