जयपुर, १६ नवम्बर। खनिज राज्य मंत्री श्री खेमाराम मेघवाल ने कहा है कि सरकार ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को तरासने के लिए ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताओं को बढावा दे रही है।
खनिज राज्य मंत्री गुरूवार को चूरू के जिला स्टेडियम में भारतीय खेल प्राधिकरण के सौजन्य से आयोजित ग्रामीण जिला खेलकूद मेले के शुभारंभ के अवसर पर बोल रहे थे।
श्री मेघवाल ने कहा कि खेल में एक पक्ष हारता है तो दूसरा पक्ष जीतता है। हारने के बाद खिलाडयों को निराश नहीं होना चाहिए अपितु और अधिक मेहनत कर जीत हासिल करने का प्रयास करना चाहिए।
खनिज राज्य मंत्री ने ग्रामीण जिला खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ करते हुए आशा व्यक्त की कि इन्हीं खिलाडयों में से राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय स्तर के खिलाडी बनकर निकलेंगे और राज्य तथा राष्ट्र का गौरव बढायेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कलक्टर श्री अर्जुन मेघवाल ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुसार खेल जगत में ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने के लिए इस ग्रामीण जिला खेलकूद मेले का आयोजन किया गया है।
उन्होंने बताया कि पंचायत समिति स्तर पर प्रतियोगिताओं में चयनित खिलाडयों का चयन कर जिला स्तर पर यह ग्रामीण जिला खेलकूद मेले का आयोजन किया गया है जिसमें ५०० छात्र और छात्राएं भाग ले रहे हैं।