बीकानेर हाईकोर्ट बैंच स्थापित किए जाने की मांग को लेकर आंदोलनकारी अधिवक्ता कल एक महत्वपूर्ण बैठक कर अपनी आगामी रणनीति बनायेंगे। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित ने आज इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आंदोलन के लिए गठित संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक मंगलवार को नये कोर्ट भवन के सभाकक्ष में होगी।उन्होंने कहा कि चक्काजाम आंदोलन को सफल बनाने के बाद अब अगल प्रयास क्या होगा इस मसले में एसोसिएशन के सभापति आर.के. दास गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विचार विमर्श कर निर्णय लिया जायेगा। पुरोहित ने बताया कि आंदोलन आज 91वें दिन भी जारी है, जिसके कारण यहां न्यायालय में कामकाज पूरी तरह ठप है। इसके अलावा क्रमिक अनशन का दौर लगातार जारी है। जिसके तहत आज अधिवक्ता संजय गौतम, ऋतुराज तंवर, भंवरलाल जनागल, ज्ञानस्वरूप विश्नोई, अमित भारद्वाज, श्रवण कुमार आदि ने विधिवत रूप से क्रमिक अनशन शुरू किया। एसोसिएशन के सभापति आर.के. दास गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार की हठधर्मिता को तोडने के लिये बीकानेर में राजस्थान हाईकोर्ट बैंच स्थापित करने की मांग को लेकर हमारा आंदोलन अंतिम दौर तक जारी रहेगा और जरूरत पडी तो हम जेल भी जायेंगे।