बीकानेर सरकारी विद्यालयों में १० दिसम्बर से होने वाली अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं नजदीक हैं, लेकिन अधिकांश स्कूलों में अभी तक परीक्षाओं का कोर्स पूरा नहीं हुआ है। अधिक समस्या आठवीं, दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों को हो रही है। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की इन कक्षाओं में अर्द्धवार्षिक परीक्षा में पूरा कोर्स आता है। शिक्षा विभाग ने कोर्स पूरा कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाएं हैं। जबकि अर्द्धवार्षिक परिक्षाओं में मिलने वाले प्राप्तांकों के २० प्रतिशत अंक वार्षिक परीक्षा के प्राप्तांकों में जुडते हैं। ऐसे में अर्द्धवार्षिक परीक्षा के महत्व को भी कम नहीं आंका जा सकता। जहां अध्यापकों का तर्क है कि किताबें देर से पहुंची और चुनावों में डीयूटी लगा देने के कारण कोर्स भी पूरा होने में बाधा उत्पन्न हो रही है। वहीं स्कूलों में शिक्षक पूरे नहीं होने के कारण भी यह समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है। अब तक स्थानान्तरण के कारण भी शिक्षण कार्य बहुत बाधित हो चुका है।