देश का दिग्गज यूटिलिटी वाहन व ट्रैक्टर निर्माता समूह महिंद्रा एंड महिंद्रा [एमएंडएम] जमीन पर दौड़ने के साथ ही आसमान में भी उड़ान भरने की तैयारी कर रहा है। इसी मकसद से समूह ने दो आस्ट्रेलियाई एयरोस्पेस फर्मो का अधिग्रहण किया है। इनकी मदद से एमएंडएम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में वायुयान और उनके कलपुर्जो को बनाकर बेचने की योजना है। 175 करोड़ रुपये में हुए इस सौदे के तहत महिंद्रा एंड महिंद्रा ने कलपुर्जा निर्माता एयरोस्टाफ आस्ट्रेलिया और वायुयान कंपनी गिप्सलैंड एरोनाटिक्स में 75.1 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है। महिंद्रा समूह की महिंद्रा एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड [एमएपीएल] की अगले 4 से 5 साल में दो से 20 सीट वाले 475 विमान बनाने की योजना है। कंपनी को इस खंड से 650 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। समूह के मुताबिक एयरोस्टाफ आस्ट्रेलिया और गिप्सलैंड एयरोनाटिक्स तुलना में छोटी कंपनियां हैं। इनका कुल सालाना टर्नओवर 80 से 100 करोड़ रुपये है।