सूरतगढ, 17 जनवरी। पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोसिंह शेखवत ने आज पूर्व सांसद मनफूलसिंह भादू के निधन पर उनके निवास पर पहुंचकर शोक व्यक्त किया। श्रीगंगानगर आये श्री शेखावत का सूरतगढ कार्यक्रम तय होते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। रिलायंस पेट्रोल पम्प से शहर में आने वाली सडक पर पुलिस रास्ते के अवरोधक हटा दिये गये। अपराह्न करीब तीन बजे शेखावत सुरक्षा अमले के साथ यहां भादू निवास पर पहुंचे। भादू के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के बाद उन्होंने मनफूल सिंह भादू के भतीजे राजेन्द्र भादू, महेन्द्र, देवेन्द्र, पौत्र ऋषभ, अभिषेक व अमित से मिलकर शोक व्यक्त किया। भादू के परिजनों से बातचीत करते हुए शेखावत ने भादू के साथ बिताये पलों को याद करते हुए उनके अनेक संस्मरण सुनाए। शेखावत ने कहा कि मनफूलसिंह भादू उम्र में उनसे छोटे थे। उन्होंने पास में बैठे भाजपा नेता गंगाजल मील से उनके परिवार की कुशलक्षेम पूछी। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भैरोसिंह शेखावत ने कहा कि भादू किसानों के मसीहा थे। उन्होंने हमेशा किसान हित की बात कही और इसी का परिणाम था कि भादू ने लम्बे समय तक संसद व विधानसभा में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान पत्रकारों द्वारा राजनीति पर चर्चा करने से मना करते हुए श्री शेखावत ने कहा कि यहां शोक व्यक्त करने आए हैं। करीब 15 मिनट रुकने के बाद शेखावत कार से पुनः श्रीगंगानगर के लिए रवाना हो गये।