हनुमानगढ में जिला न्यायालय के भवन का उद्घाटन
17 Mar
2007
देश के विकास के लिए न्यायिक सुधार आवश्यकः श्री सच्चिदानन्द झा
हनुमानगढ , १७ मार्च । राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश श्री सचिदानन्द झा ने देश के विकास के लिए न्यायायिक सुधारों की आवश्यकता पर बल दिया है। श्री झा शनिवार को हनुमानगढ में जिला न्यायालय का उद्घाटन करने के बाद आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। देश की न्यायायिक व्यवस्था को दुनिया की श्रेष्ठ सेवाओं में से एक बताते हुए उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने जेल सुधार, बाल श्रम, चुनाव सुधार व पर्यावरण सुधार के बारे में अहम योगदान दिया हैं ,लेकिन इनका लाभ चन्द लोगों को ही मिला पाता है। उन्होंने इसके लाभ का दायरा बढाने के लिए न्यायिक प्रक्रिया में नवाचारों को अपनाने की जरूरत को रेखांकित किया। मुख्य न्यायाधीश ने ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभान्वित करने के लिए आम जन में जागरूकता पैदा करने व उन्हें कानूनी शिक्षा देने पर बल दिया। उन्होंने सभी से उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए सभी को देश के हित में सच्चे मन से कार्य करते रहने की अपील की। श्री झा ने कहा कि इससे हमारा देश पूर्ण विकास की ओर अग्रसर होते हुए दुनियां में अव्वल बन सकता है।
हनुमानगढ जिले के लिए एक ओर फास्ट ट्रेक अदालत की स्वीकृति की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि जिला न्यायालय का भवन जनता के पैसों से बना है। अतः जनता की आकांक्षा के अनुरूप कार्य स्थितियों में बदलाव लाकर गरीब व जरूरतमद लोगों को न्याय दिलवाने के लिए सभी को सजग हो कर प्रयास करना चाहिए। समारोह के विशिष्ट अतिथि राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधिपति श्री करणीसिंह राठौड ने हनुमानगढ में नवनिर्मित भवन को न्यायिक कुंभ के आगाज की संज्ञा देते हुए कहा कि न्याय के इस मन्दिर में गरीबों को त्वरित न्याय प्रदान कर पुण्य अर्जित करना चाहिए। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों व अधिवक्ताओं पर जिम्मेदारी सौपते हुए कहा कि वे अपने कार्य से न्यायालय भवन को सही मायनों में न्याय का मंदिर साबित करें ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला एवं सैशन न्यायाधीश श्री अतुल कुमार जैन ने कहा कि जिला न्यायालय का भवन राज्य के सबसे अच्छे न्यायालयों में से एक है , यह जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि न्यायालय भवन निर्माण पर ३ करोड २३ लाख की लागत आई है। इसके लिए ३ करोड ३४ लाख का बजट आवंटित हुआ था। शेष बची राशि व और बजट आवंटित करवा कर अन्य कार्य करयाएं जाएंगे । उन्होंने नोहर व संगरिया में अतिरिक्त एसीजेएम कोर्ट की स्थापना की जरूरत बताते हुए विविध न्यायालयों में लम्बित प्रकरणों की जानकारी प्रस्तुत की । इससे पूर्व मुख्य न्यायाधीश श्री झा व न्यायाधीपति श्री करणीसिंह राठौड ने न्यायालय भवन का मंत्राोचारण के बीच फीताकर उद्घाटन किया । इसके बाद उन्होनें भवन का अवलोकन किया। कार्यक्रम में बार संघ अध्यक्ष श्री अरूण त्यागी, नागरिक सुरक्षा मंच के शंकरलाल सोनी, अरविन्द विश्नोई व जगदीश चन्द्र ने भी विचार व्यक्त किए।
उद्घाटन समारोह में जिला कलक्टर श्री टी.रविकान्त , जिला पुलिस अधीक्षक श्री प्रेम सिंह चुडावत, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री रविन्द्र कुमार सहित विभिन्न न्यायिक अधिकारीगण, पीलीबंगा विधायक श्री रामप्रताप कासनियां, हनुमानगढ विधायक श्री विनोद चौधरी, हनुमानगढ पंचायत समिति प्रधान श्री दयाराम जाखड, कृषि उपज समिति मण्डी के अध्यक्ष श्री अरूण खेलरी, नगरपालिका अध्यक्ष श्री पवन अग्रवाल तथा प्रसाशनिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण , बार संघ के प्रतिनिधिगण सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में मंच संचालन मोहम्द जाकिर हुसैन व रमेश मोदी ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं श्री गोविन्द्रराम वर्मा, श्री रामगोपाल विश्नोई ,श्री ब्रजनारायण चमडया व श्री श्याम सुन्दर मोदी को लाईफ टाइम अचीवमेन्ट अवार्ड प्रदान किया गया।
|