बीकानेर, गुरुवार को राजस्थान प्रशासनिक सेवा के पांच वरिष्ठ अधिकारियों ने जिला मुख्यालय पर स्थित 28 कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 520 अधिकारी व कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। वहीं 4 कार्यालयों में उपस्थिति पंजिका उपलब्ध नहीं हुई। तीन अधिकारियों को भ्रमण पर जाना बताया गया । एक अधिकारी के अवकाश पर होने की सूचना मिली।
जिला कलक्टर श्रेया गुहा ने बताया कि दोनों अतिरिक्त कलक्टर सहित पांच राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों ने विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया गया इसमें 45 अधिकारी व 475 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। कार्मिकों के विरुद्ध सेवा नियमों के तहत कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान राजस्थान वित निगम में दो अधिकारी व नौ कर्मचारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र में एक अधिकारी व 14 कर्मचारी, उप निदेशक समाज कल्याण विभाग में एक अधिकारी व आठ कर्मचारी समय पर उपस्थित नहीं थे। इसी तरह जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 2 अधिकारी व 9 कर्मचारी, सहायक निदेशक खादी में एक अधिकारी, सहायक निदेशक नियोजन विभाग में एक अधिकारी व 4 कर्मचारी, संयुक्त श्रम आयुक्त में 5 कर्मचारी, परियोजना निदेशक कृषि व भू सर्वेक्षण में 2 अधिकारी व 7 कर्मचारी, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक में 3 अधिकारी व 30 कर्मचारी, सर्वशिक्षा अभियान में दो-दो अधिकारी कर्मचारी तथा जिला साक्षरता व सतत शिक्षा अधिकारी कार्यालय में दो -दो अधिकारी कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम में एक अधिकारी व 94 कर्मचारी, उप निदेशक स्थानीय विभाग में दो कर्मचारी, वन मंडल अधिकारी कार्यालय में एक अधिकारी व 7 कर्मचारी, नगर विकास न्यास कार्यालय में 10 अधिकारी व 91 कर्मचारी, अल्प बचत अधिकारी कार्यालय में एक कर्मचारी, मुख्य आयोजना अधिकारी कार्यालय में एक अधिकारी व 5 कर्मचारी, ई.आर.ओ. पूर्व कार्यालय में 14 कर्मचारी, भू प्रबंध अधिकारी कार्यालय में ३ कर्मचारी व सार्वजनिक निर्माण विभाग के विभिन्न कार्यालय में 69 कर्मचारी व 10 अधिकारी अनुपस्थित पाए गए।