जोधपुर। फोटो जर्नलिस्ट क्लब के तत्वावधान में आयोजित प्रथम ऑल राजस्थान फोटो जर्नलिज्म प्रतियोगिता का सोमवार को परिणाम घोषित कर दिया गया है। विश्व फोटो दिवस पर 19 अगस्त को यहं सूचना केन्द्र में दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी लगायी जाएगी। क्लब के अध्यक्ष आर.एस. थापा ने बताया कि जर्नलिज्म एवं जनरल के दो वर्गो में हुई इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से 54 फोटो जर्नलिस्ट्स की 412 प्रविष्टि प्राप्त हुई। इनमें प्रत्येक वर्ग में 206 फोटो मिली। प्रतियोगिता में जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर, कोटा, भरतपुर, सीकर, व जोधपुर के फोटो जर्नलिस्ट ने भाग लिया। इन पर सोमवार को यहं सूचना केन्द्र में निर्णायक गोविन्ददान सिंघानी, महेन्द्र भंसाली एवं विजेन्द्र जायसवाल ने निर्णय किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में जर्नलिज्म वर्ग में जयपुर के पदम शर्मा के फोटो ने प्रथम, जोधपुर के मोहम्मद शरीफ का द्वितीय तथा यहीं के दिलावर खा के फोटो ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अजमेर के दीपक शर्मा, जोधपुर के अनिल पुरोहित, एस.के. मुन्ना व सी पी कुमावत तथा कोटा के ए एच जैदी को सर्टिफिकेट अफ मेरिट घोषित किया गया। उन्होंने बताया कि जनरल फोटोग्राफी के दूसरे वर्ग में एस.के.मुन्ना की फोटो प्रथम रही। जोधपुर के मनोज सेन की फोटो ने द्वितीय तथा बीकानेर के दिनेश गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उदयपुर के राकेश शर्मा राजदीप, बीकानेर के श्रीराम रामावत तथा जोधपुर के मोहम्मद शरीफ, अनिल पुरोहित तथा रामजी व्यास को सर्टिफिकेट मेरिट ऑफ अवार्ड दिया गया। उन्होंने बताया कि विश्व फोटो दिवस पर बुधवार को अलादीन बाबा तथा प्रेमसिंह पंवार को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा फोटो जर्नलिस्ट के लिए व्यक्तित्व विकास शिविर भी लगाया जाएगा। इस अवसर पर स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा।