कलक्टर ने किया निर्माणाधीन कन्या महाविद्यालय का अवलोकन
17 Sep
2007
10 अक्टूबर से पहले निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए
डूंगरपुर 17 सितंबर/जिला कलक्टर नीरज के.पवन ने सोमवार को वीरबाला कालीबाई राजकीय कन्या महाविद्यालय के निर्माणाधीन नवीन भवन का अवलोकन किया और संबंधित ठेकेदारों को 10 अक्टूबर से पहले निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
आज प्रातः यहां पहुंचे कलक्टर पवन ने महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. कैलाश जोशी से अब तक हुए निर्माण कार्य के बारे में जानकारी ली। डॉ. जोशी ने राष्ट्रीय सम विकास योजना से स्वीकृत हुए 16 लाख रूपयों के कक्षों सहित यूजीसी से स्वीकृत कक्षा कक्षों के निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने यहां पर पेयजल की समस्या के बारे में बताया तो मौके से ही कलक्टर ने पीएचईडी के अधिशासी अभियंता को उचित व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलक्टर ने निर्माणाधीन समस्त कक्षाकक्षों में जाकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने यहां मौजूद ठेकेदारों से भी बात की और निर्देशित किया कि निर्माण कार्य 10 अक्टूबर से पूर्व हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए। इसी प्रकार उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को भी महाविद्यालय भवन के निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्माण कार्य पूर्ण करने पर महाविद्यालय प्राचार्य से एनओसी प्राप्त कर ही संबंधित ठेकेदार को भुगतान करने के निर्देश प्रदान किए ।
इस मौके पर महाविद्यालय के दीपक शाह, श्रद्धा सोरल और अन्य प्राध्यापक मौजूद थे।
|