जयपुर, 17 सितम्बर। अलवर जिले के तिजारा उपखण्ड के खिदरपुर में रहने वाले बोन टी.बी.रोग से पीडत बी.पी.एल.परिवार के एक बच्चे को उपचार के लिए अलवर जिला प्रशासन ने हर संभव मदद उपलब्ध करवाकर उसे सरकारी एम्बूलेन्स से जयपुर रैफर कर दिया है ।
जिला कलक्टर श्री भास्कर ए.सांवत ने बताया है कि खिदरपुर गांव का रहने वाला बालक सबीर पुत्र नूरशाह बोन टी.बी.( गर्दन की रीढ की हड्डी) की बीमारी से पीडत पाया गया है । यह बालक तिजारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से रैफर होकर जिला मुख्यालय पर शिशु अस्पताल में उपचार के लिए 17 सितम्बर को प्रातः 4 बजे आया इससे पूर्व उपचार बालक के परिजन अपने स्तर पर निजी अस्पतालों में करवाते रहे बालक के सरकारी अस्पताल में आने के बाद प्रशासन ने उसकी निःशुल्क चिकित्सा व्यवस्था की सभी जॉच व सिटी स्कैन एवं दवाईयॉ उपलब्ध कराई गई।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एस.बसंल ने बताया कि बालक के स्वास्थ्य की जांच एवं उपचार के लिए चिकित्सकों का एक बोर्ड भी गठित किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद स्पष्ट राय दी है कि बालक सबीर बोन टी.बी. रोग से पीडत है। समय पर इस बालक को उपचार के लिए नहीं लाया गया इससे रोग बढ गया, अब इस बालक को उपचार के लिए जयपुर सवाई मानसिंह अस्पताल में रैफर किया गया है ।
श्री सांवत ने बताया कि मुख्यमंत्री जीवन रक्षा कोष से इस बालक का निःशुल्क उपचार कराया जायेगा तथा उपचार में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी।