बीकानेर अकाल से जूझ रहे किसानों और पशुपालकों ने आज राजस्थान किसान सभा के बैनर तले रैली निकाली एवं जिला कलक्ट्री पर प्रदर्शन किया। सभा के प्रतिनिधि मंडल ने अकाल से पीडित लोगों को तुरंत प्रभाव से राहत दिये जाने की मांग का ज्ञापन जिला कलक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा।
सभा के प्रदेशाध्यक्ष कॉ.हनुमानसिंह धारीवाल ने बताया कि भयंकर अकाल पडने के बावजूद राज्य सरकार ने राहत कार्य शुरू नहीं किए है और न ही पशुधन को बचाने के लिए कोई ठोस उपाय। सिंचाई के लिए नहरों में पानी नहीं छोडा जा रहा है और ट्यूबवेल चलाने के लिए पर्याप्त बिजली भी नहीं दी जा रही है।
अकाल की मार के साथ ऐसी स्थिति में लोगों को रोजी रोटी व पशुधन को बचाने की विकट समस्या का सामना करना पड रहा है। ग्रामीणों को रोजगार देने के उद्देश्य से केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही नरेगा योजना में भी सरकार के नुमाइंदे जमकर भ्रष्टाचार कर रहे है और गरीबों का हक खा रहे है। केन्द्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण राष्ट्र में महंगाई दिन दूनी रात चौगुनी बढ रही है।
जिससे आम आदमी के मुंह से निवाला भी दूर होता जा रहा है। इतना सब कुछ होने के बावजूद सरकारें अपने शासन में मदमस्त है। एटक के जिलाध्यक्ष प्रसन्न कुमार ने बताया कि किसानों, पशुपालकों, मजदूरों और आमजन को राहत देने के लिए सभा ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन देने गये शिष्टमंडल में हनुमानसिंह धारीवाल, प्रसन्न कुमार, दानाराम पडिहार, तारासिंह सिद्धू, महबूब पडिहार, लक्ष्मीनारायण, सरजू गहलोत सहित कम्युनिस्ट पार्टी के अन्य नेता शामिल थे।