देश में आतंकी घुसने की खुफिया एजेंसियों की सूचना के मद्देनजर बरती जा रही एहतियात के तहत राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल ख्वाजा नगरी अजमेर और तीर्थराज पुष्कर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जिला पुलिस ने अजमेर-पुष्कर में होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं और अन्य स्थलों पर तलाशी ली। हेडली की पुष्कर यात्रा की पुष्टि के बाद से चिंतित पुलिस के साथ ही सीआईडी भी जिले में विशेष सुरक्षा सतर्कता बरत रही है। सुरक्षा और गुप्तचर एजेंसियों की जांच में हेडली की पुष्कर यात्रा की पुष्टि होने के बाद से जिला पुलिस की चिंता बढ़ गई है। एफबीआई की पूछताछ में हेडली खुलासा कर चुका है कि उसने पुष्कर में खबाद हाउस, मुंबई, पुणे में इजरायलियों के ठिकाने, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र सहित अन्य स्थानों की उसने वीडियो फिल्म भी बनाई थी। हेडली की रेकी के आधार पर आतंकी हमलों की आशंका है। इसी के चलते पुलिस व खुफिया एजेंसियां अलर्ट हैं।