नई दिल्ली, 18 सितम्बर। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आगामी 14 से 27 नवम्बर तक आयोजित होने वाले २८वां भारत अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार मेला के लिए राजस्थान पेवेलियन को इस वर्ष की थीम के अनुरूप बनाने की तैयारियां शुरु कर दी गई हैं। व्यापार मेला का इस वर्ष का थीम ‘‘इन्फ्रॉस्ट्रक्चर और महिला अधिकारिता‘‘ रखा गया है।
व्यापार मेला के लिए राजस्थान के नॉडल विभाग राजस्थान लघु उद्योग निगम लिमिटेड (आर.एस.आई.सी.) की प्रबंध निदेशक श्रीमती श्रेया गुहा की अध्यक्षता में राजस्थान पेवेलियन की तैयारियों के सम्बन्ध में सभी सम्बद्ध विभागों और एजेंसियों के नॉडल अधिकारियों की गुरुवार को जयपुर के उद्योग भवन में एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में श्रीमती गुहा ने बताया कि राजस्थान पेवेलियन में इस बार प्रदेश की परम्परागत कला एवं संस्कृति के साथ ही आधुनिक राजस्थान की झाँकी का दिग्दर्शन किए जाने पर विशेष जोर दिया जायेगा। उन्होंने राजस्थान पेवेलियन में भाग लेने वाले सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे आकर्षक मॉडल्स, जीवंत प्रदर्शनों, सुन्दर छायाचित्राों, चाट्र्स, स्क्रीप्ट्स आदि का ‘डिस्प्ले‘ और सेल एरिया‘ में प्रभावी ढंग से प्रदर्शन करें ताकि राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान मंडप का अपनी प्रसिद्धि के अनुरूप प्रदर्शन हो सके।
उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी विभाग राजस्थान पेवेलियन में व्यापार मेला की थीम के अनुरूप उच्चकोटि और गुणवत्ता का प्रदर्शन करने पर विशेष ध्यान देवें और ऐसे उत्पादों को प्रदर्शित किया जाए जो कि उच्च स्तर के साथ ही जन आकर्षण का कारण बन सके ताकि आधुनिक राजस्थान की झाँकी का समन्वित ढंग से प्रस्तुतीकरण किया जा सके।
बैठक के प्रारंभ में राजस्थान मंडप के निदेशक और राजस्थान लघु उद्योग निगम के कम्पनी सचिव श्री रवि अग्रवाल ने राजस्थान पेवेलियन में डिस्प्ले और सेल काउण्टर लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागी विभागों से प्राप्त हुए प्रस्तावों की जानकारी दी और बताया कि उद्योग मंत्राी डॉ. दिगम्बर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक और राजस्थान लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष श्री मेघराज लोहिया के निर्देशन में लिये गये निर्णयानुसार जिन विभागों और एजेंसियों ने अब तक अपने प्रस्ताव नहीं भिजवाये हैं, वे तत्काल मय कार्य योजना अपने प्रस्ताव भेजें।
उन्होंने बताया कि राजस्थान मंडप में ब्यूरो ऑफ इण्डस्ट्रीयल प्रमोशन (बिप), रीको, आर.एफ.सी.आर.एस.आई.सी. आदि के सहयोग से ‘व्यापार सूचना केन्द्र‘ (बिजनेस इन्फॉरमेशन सेंटर) की स्थापना की जायेगी, ताकि देश-विदेश के निवेशकर्ता राजस्थान के संबंध में व्यावसायिक पूछताछ और जानकारियां प्राप्त कर सके।** बैठक में पर्यटन विभाग की प्रतिनिधि ने बताया कि व्यापार मेला में इस वर्ष पहले ही दिन 14 नवम्बर को प्रगति मैदान के लाल चौक थियेटर पर ‘राजस्थान दिवस‘ का आयोजन होगा जिसमें राजस्थान के सुप्रसिद्ध लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की जाएंगी।