कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री और वामपंथी नेता दिवंगत ज्योति बसु की अंतिम यात्रा पूरे राजकीय सम्मान के साथ आज सुबह साढे सात बजे से शुरू हो गई। बसु की अंतिम यात्रा में हजारों लोगों की भारी भीड जुटी है। समूचे बंगाल के साथ दुनिया भर के दिग्गज नेता बसु को अश्रुपूर्ण श्रृद्धांजलि देने पहुंचे हैं। बसु का आखिरी सफर श्रृद्धांजलि के बाद एक अस्पताल में समाप्त होगा। उल्लेखनीय है कि बसु देह दान कर चुके थे इसलिए उनका अंतिम संस्कार नहीं किया जा रहा है। उनकी अंतिम यात्रा सुबह साढे सात बजे 'पीस ऑफ हेवन' नामक शवगृह से शुरू हुई। उनका पार्थिव शरीर अलीमुद्दीन स्ट्रीट स्थित पार्टी मुख्यालय ले जाया गया जहां उसे एक घंटे तक रखा गया। पार्टी मुख्यालय में माकपा नेता प्रकाश करात समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने दिवंगत नेता को अंतिम विदाई दी। ठीक नौ बजे उनके पार्थिव शरीर को राइटर्स बिल्डिंग ले जाया जा रहा है। वहां इसे एक घंटे तक रखा जाएगा। अंतिम यात्रा का अगला पडाव पश्चिम बंगाल विधानसभा होगा जहां इसे तीन बजे तक जनता के दर्शनार्थ रखा जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को मोहर कुंज ले जाया जाएगा जहां राज्य सरकार की ओर से बन्दूकों की सलामी दी जाएगी और यह यात्रा दक्षिण कोलकाता स्थित एसएसकेएम अस्पताल में समाप्त होगी।