हनुमानगढ १९ मार्च। टिब्बी -संगरिया रोड पर क्षतिग्रस्त घग्घर पुलिया के नवनिर्माण तक जनता को हो रही असुविधा के निराकरण के लिए शीघ्र ही अस्थाई रास्ते का निर्माण करके राहत दिलवाई जाएगी। इस सम्बंध में जिला कलक्टर श्री टी. रविकांत की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलैक्ट्रेट में आयोजित एक विशेष व महत्वपूर्ण बैठक में निर्णय किया गया। बैठक में सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता ने जानकारी दी कि पुल का नया डिजाईन तैयार करवाया जा रहा है तथा इसके लिए जयपुर से इंजीनियर आकर मौका देखेंगे। इस पर टिब्बी के विधायक श्री धर्मेन्द्र मोची ने पुल के निर्माण में हो रहे विलम्ब के कारण क्षेत्रा के लोगों को हो रही समस्या के निराकरण के लिए पुल का निर्माण होने तक जल्द ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था करवाने की बात कही। जिला कलक्टर ने बैठक में उपस्थित सार्वजनिक निर्माण विभाग व सिंचाई विभाग के अधिेकारियों को पुल के निर्माण पूर्ण होने तक अस्थाई रास्ता बनाने के सम्बंध मे तकनीकी राय देने के लिए निर्देश दिए। इस विषय पर तकनीकि राय के बाद अस्थाई रास्ते का निर्माण कर क्षेत्रा की जनता को राहत दिलाने का निर्णय किया गया। टिब्बी के विधायक श्री धर्मेन्द्र मोची ने बैठक में आश्वासन दिया कि इस अस्थाई रास्ते के लिए प्रयोग में आने वाले सीमेंट के पाईपों के लिए लगने वाले समस्त धन की व्यवस्था वे विधायक कोष से करेंगे। इसके अलावा होने वाले समस्त खर्च का वहन सिंचाई विभाग द्वारा करने का भरोसा मुख्य अभियंता श्री डी. एस. नोत्राा ने जताया। जिला कलक्टर ने इस कार्य में तकनीकी सहयोग के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को निर्देश दिए । बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्याकारी अधिकारी श्री बी.एल.मेहरडा ,सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियन्ता श्री महेश प्रकाश धवल, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता गुरनाम सिंह के अलावा टिब्बी के सरपंच श्री सुखजीत सिंह चट्ठा व व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री जगदीश कस्वां भी उपस्थित थे।