फिर से भिडे कैदी
सूरतगढ, उपकारागृह में आज फिर कैदी भिड पडे। हत्या के मामले में विचाराधीन दो कैदियों ने एक अन्य कैदी पर हमला कर घायल कर दिया। इस कैदी का राजकीय चिकित्सालय में उपचार करवाया गया है। इस सम्बंध में पुलिस थाना में प्रार्थना पत्र देने के साथ उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हत्या के मामले में विचाराधीन कैदी राजेश मिश्रा व गणेशसिंह ने आज शाम एक राय होकर उपकारागृह में एक अन्य कैदी कालासिंह पर हमला कर दिया। इस हमले में कालासिंह के मुंह पर चोटें लगी। घायल का यहां राजकीय चिकित्सालय में उपचार कर उसकी तरफ से चिकित्सालय में उपचार कर उसकी तरफ से राजेश व गणेशसिंह के खिलाफ प्रार्थना पत्र थाना में दिया गया है।
जेलर मुकेश त्यागी ने बताया कि शाम को हुए इस झगडे के बाद तीनों कैदियों को अलग-अलग बैरकों में रखा गया है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी जेल उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। जेल में कैदियों के भिडने की यह पिछले कुछ माह में दूसरी घटना है।
गुरु पर्व मनाया
सूरतगढ, गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में गायत्री प्रज्ञा मण्डल द्वारा गुरु पर्व को संगीतमयी दीप यज्ञ कथा के माध्यम से शुक्रवार को जे.आर. उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में मनाया गया। पार्षद इन्द्रचंद सरावगी ने अध्यक्षता करते हुए दीप प्रज्वलित कर यज्ञ का शुभारम्भ किया। मुख्य अतिथि थर्मल के अधीक्षण अभियंता अशोक गर्ग ने कलश पूजन किया। इसी तरह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अधिशाषी अभियंता बी.एन. शर्मा व सरदारगढ फार्म के रमेशचन्द्र यादव ने संयुक्त रूप से गुरु एवं माता और अन्य अतिथि राजेन्द्र प्रसाद उपाध्याय व लालचंद शर्मा ने संयुक्त रूप से गायत्री माता व सरस्वती माँ का पूजन किया। गायत्री परिवार के छंगाणी दम्पत्ति व श्रीमती उषा तिवाडी ने भजन प्रस्तुत किये। संयोजक एस.पी.एस. चौहान ने गायत्री परिवार व गुरु पर्व के बारे में जानकारी दी। प्रधानाध्यापक देवकीनन्दन देरासरी ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
राधाकृष्ण के मरणोपरांत नेत्रदान
सूरतगढ, महावीर इन्टरनेशनल के प्रयासों से वार्ड नं. 18 निवासी राधाकृष्ण खुराना के मरणोपरांत नेत्रदान करवाए गए हैं। खुराना के पुत्रों अशोक कुमार, पुरुषोत्तम, बृजमोहन, राजेश, विनोद व संजय की स्वीकृति के बाद संस्था के सचिव नरेन्द्र चाहर ने नेत्र उत्सारित किए। जिन्हें श्रीगंगानगर के श्री जगदम्बा धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय भिजवाए गए हैं। इस कार्य में श्रीमती मैना देवी पत्नी तोलाराम स्वामी व राजेन्द्र शर्मा का उल्लेखनीय योगदान रहा है।
गैस बुकिंग के लिए राशनकार्ड जरूरी
सूरतगढ, 19 जुलाई। जिला रसद अधिकारी के निर्देश पर इन दिनों गैस एजेन्सियां गैस बुकिंग के लिए राशनकार्ड मांग रही है। बताया गया है कि राशनकार्डों पर डीबीसी व एसबीसी की मोहर अंकित करने के लिए राशन कार्ड एजेन्सी संचालक बुकिंग के दौरान मांग रहे हैं।