बग्गड (नागौर), मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धराराजे ने कहा कि स्व. रामलाल बग्गड ने अपने 50 साल के राजनीतिक जीवन में क्षेत्र के विकास एवं आम जन के कल्याण के लिए अनुकरणीय कार्य किये। उनकी कीर्ति से यह क्षेत्र हमेशा के लिए प्रकाशमान रहेगा। मुख्यमंत्री आज नागौर जिले के ग्राम बग्गड में मेडता के पूर्व विधायक स्व. श्री रामलाल बग्गड की श्रद्घांजिल सभा में आम जन को सम्बोधित कर रही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे कुछ साल पहले गांव बग्गड में आने का मौका मिला था। स्व. रामलाल बग्गड के परिवार ने मुझे बेटी जैसा प्यार दिया। उन्होंने कहा कि सालों में जुडे लोग भी इतना प्यार एवं स्नेह नहीं देते । उन्होंने कहा कि स्व. बग्गड ने अपने जीवन में सदैव परिवारों को जोडने के लिए सेतु का कार्य किया और मुझे इस बात का गर्व है कि मैं इस परिवार से जुडी।
श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि जनता के आर्शीवाद से स्व. रामलाल बग्गड तीन बार सरपंच,तीन बार प्रधान और तीन बार विधायक रहकर उन्होंने आमजन की सेवा की। उन्होंने कहा कि नागौर क्षेत्र के विकास करने का सपना साकार करने की बात मैने स्व. बग्गड से की थी और सबसे पहले नागौर जिले की पीन की पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए बजट में तीन हजार करोड रूपयों की राशि का प्रावधान किया। उन्होंने कहा कि आज नागौर जिले में इन्दिरा गांधी नहर से मीठेपानी लाने की परियोजना पर तीव्र गति से कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही नागौर जिले में नहर का मीठा पानी आयेगा और पांच साल में पूरे जिले में नहर का पानी उपलब्ध हो जायेगा। यह कार्य संतों के आर्शीवाद से ही संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि घर में बडे लोग होते हैं तो काम करने की कोई चिन्ता नहीं रहती। आज स्व. रामलाल जी ने हमारे कंधों पर बहुत बडा बोझ दिया है। उन्होंने कहा कि स्व. बग्गड के सपने कभी खाली नहीं जाने देंगे।
मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक स्व. रामलाल बग्गड के पुत्र मूलाराम एवं रामप्रताप को ढाढस बंधाते हुए कहा कि इस दुःख की घडी में हम सब आफ साथ हैं। उन्होंने स्व. बग्गड के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। यातायात मंत्री श्री युनूस खां, राजस्व मंत्री श्री रामनारायण डूडी, जल संसाधन मंत्री श्री सांवरलाल जाट, पर्यटन मंत्री कला एवं संस्कृति राज्य मंत्री उषा पूनिया ने भी श्रद्घांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री सहित उपस्थित जन समुदाय ने दो मिनट का मौन रख कर स्व. रामलाल बग्गड को श्रद्घांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जन प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी एवं बडी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।