बाँसवाडा-पेयजल सुविधाओं के क्षेत्र में लम्बी छलांग 19 Dec
2007
जनजाति बहुल एवं पहाडी क्षेत्र बाँसवाडा जिले में आम जनता के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं की आपूर्ति और इससे संबंधित संसाधनों के विकास तथा विस्तार की दिशा म वर्तमान सरकार का कार्यकाल बेहतर उपलब्धियों भरा रहा है
बाँसवाडा १९ दिसम्बर जनजाति बहुल एवं पहाडी क्षेत्र बाँसवाडा जिले में आम जनता के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं की आपूर्ति और इससे संबंधित संसाधनों के विकास तथा विस्तार की दिशा म वर्तमान सरकार का कार्यकाल बेहतर उपलब्धियों भरा रहा है और यही वजह है कि शहरों और कस्बों से लेकर ग्राम्यांचलों तक विकास का संदेश पहुँचा है।
जिले में पेयजल सुविधाओं के लिहाज से यह उपलब्धियां आम जन के लिए सुकूनदायी रही हैं और पेयजल समस्या के उन्मूलन का स्वस्थ माहौल स्थापित हुआ है। जिले में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा विगत चार वर्षो में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अनेक कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं।
विभाग ने जिले में पेयजल की विभिन्न योजनाओं पर इन चार वर्षो में २३ करोड ७७ लाख रुपए का व्यय किया है। इस अवधि में आंशिक रूप से लाभान्वित कुल १ हजार १२७ ग्रामों को पूर्ण रूप से पेयजल सुविधा से लाभान्वित किया गया है। जिले में पेयजल हेतु कुल १७.८० किलोमीटर पाईप लाईन बिछाई गई व चालु की गई। जिले में २ हजार ५८६ हैण्डपम्प एवं एक नलकूप लगाए गए। वहीं २२ हजार २३० हैण्डपम्पों की मरम्मत की गई।
जिले में पेयजल हेतु स्वजलधारा कार्यक्रम के तहत ५२ योजनाओं का कार्य पूर्ण करवाया गया। सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान के तहत जिले में एक हजार ६०६ शौचालय बनवाए गए । जिले में २२७ पनघट योजनाओं का कार्य पूर्ण कराया गया।
जिले के चिडयावासा, मुंगाणा, देवदा, सेनावासा, मोटीटिम्बी एवं इटाऊवा गाँवों को मिलाकर कुल ६ पम्प एवं टेंक योजनाओं का कार्य पूर्ण करवाकर इन योजनाओं का संचालन प्रारंभ किया गया। चिडयावासा में १३ लाख ८१ हजार, सेनावासा में २० लाख ९७ हजार , देवदा में २५ लाख ४१ हजार और मुंगाणा में १२ लाख ८५ हजार की लागत से पम्प एवं टैंक योजना के स्वीकृत कार्यो को पुरा करवाया गया व इन योजनाओ को चालु कर ग्रामवासियो को पेयजल से लाभान्वित किया गया।
इसी प्रकार पम्प एवं टैंक योजना में ही मोटी टिम्बी में २३ लाख ६६ हजार तथा ईटाउवा में ७ लाख ०४ हजार रुपए लागत से स्वीकृत कार्यो को पूरा करवाया गया व इन योजनाओ को चालु कर ग्रामवासियो को पेयजल से लाभान्वित किया गया । परतापुर शहर के लिए एक करोड २४ लाख ३१ हजार रुपए लागत की स्वीकृत पेयजल योजना पूर्ण कर क्षेत्रवासियों को इससे लाभान्वित किया गया है।
वर्तमान में जिले में १६ योजनाओं के स्वीकृत कार्य प्रगति पर हैं। इनमें कुशलगढ शहर की एक करोड ६३ लाख ३२ हजार रुपए की पुनर्गठित योजना स्वीकृत है। इस योजना का ७० प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका तथा शेष कार्य प्रगति पर हैं।
बांसवाडा शहर के लिए ११ करोड १४ लाख की पुनर्गठित शहरी जलप्रदाय योजना स्वीकृत है। इस योजना के निर्धारित दस पैकेजों में से २ पैकेजों का कार्य पूर्ण एवं एक पैकेज का ६० प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है जबकि ७ पैकेजों का कार्य प्रगति पर है। इस योजना के अन्तर्गत ५ उच्च जलाशय, ९० किमी. पाईप लाईन, २ स्वच्छ जलाशय ,एक रेपिड ग्रेविटी फिल्टर प्लान्ट आदि समस्त निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। इस योजना के माध्यम से बांसवाडा शहर की नई विकसित कलोनियों में पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाई जायेगी। शहर के समस्त क्षेत्रें में समुचित दबाव से पर्याप्त मात्र में पेयजल उपलब्ध करवाया जाएगा। योजना के लिए निर्धारित अवधि में सभी कार्य पूर्ण कर इसे चालु कर दिया जाएगा।
बाँसवाडा शहर के लिए सीवरेज ट्रीटमेन्ट प्लान्ट के लिए एक करोड ३६ लाख ६० हजार रुपए की स्वीकृत योजना के कार्य प्रगति पर हैं। इन दोनों कार्यों से बांसवाडा शहरी क्षेत्र की एक लाख से अधिक जनता लाभान्वित होगी।
पालोदा ग्राम की एक करोड २९ लाख ७७ हजार की पुनर्गठित जल योजना का ९० प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसी प्रकार घाटोल ग्राम के लिए २ करोड ४१ लाख ७३ हजार रुपए की पुनर्गठित जल योजना स्वीकृत हो चुकी है।
घंटाली ग्राम के लिए ४४ लाख २८ हजार रुपए की लागत की पम्प एवं टैंक जल योजना, केसरपुरा ग्राम के लिए २३ लाख ७२ हजार रुपए की लागत की पम्प एवं टैंक जल योजना तथा बांसलीखेडा ग्राम के लिए १९ लाख ७४ हजार रुपए लागत की पम्प एवं टैंक जल योजना और डूंगरिया-कोटा मगरी के लिए ६३ लाख ९ हजार रुपए की लागत की क्षेत्रीय जल योजना स्वीकृत हो चुकी है और इन सभी का कार्य प्रगति पर है।
दानपुर कस्बे के लिये ४४.२३ लाख की पुनर्गठित पेयजल योजना का कार्य वर्तमान में चल रहा है। कोटडा बडा ग्राम के लिए स्वीकृत २३.२५ लाख रुपए लागत की ओग्मन्टेशन जल योजना का कार्य आरंभ हो चुका है। सरेडी बडी ग्राम के लिए पुनर्गठित जल योजना का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस के लिए ९७ लाख ५७ हजार रुपए की मंजूरी है।
भुवासा ग्राम के लिए ५०.८३ लाख रुपए, छोटी पडाल ग्राम के लिए ४८.५४ लाख रुपए, सवनिया ग्राम के लिए २७.८६ लाख रुपए तथा चोकडी ग्राम के लिए २४.५३ लाख रुपए लागत की पम्प एवं टैंक जल योजनाओं से संबंधित कार्य प्रगति पर हैं।