शोभिका शर्मा हत्याकाण्ड की निष्पक्ष जांच की मांग
19 Dec
2007 बांसवाडा शहर के भटनागर नर्सिंग होम में डॉक्टर की लापरवाही से प्रसूता श्रीमती शोभिका शर्मा की दर्दनाक मौत के मामले में निष्पक्ष जांच एवं दोषी डॉक्टर तथा अस्पताल के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर परिजनों ने जिला प्रशासन तथा राज्य सरकार से गुहार लगाई है।
बांसवाडा, १९ दिसम्बर/बांसवाडा शहर के भटनागर नर्सिंग होम में डॉक्टर की लापरवाही से प्रसूता श्रीमती शोभिका शर्मा की दर्दनाक मौत के मामले में निष्पक्ष जांच एवं दोषी डॉक्टर तथा अस्पताल के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर परिजनों ने जिला प्रशासन तथा राज्य सरकार से गुहार लगाई है।
इस संबंध में मृतका श्रीमती शोभिका शर्मा के परिजनों ने जिला कलक्टर विकास एस. भाले से भेंट की और पूरे घटनाक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस सारे मामले में दोषी डॉक्टर को बचाए जाने का षडयंत्र चल रहा है।
परिजनों ने जिला कलक्टर को दिए ज्ञापन में मांग की है कि शोभिका शर्मा के ईलाज की गहन जांच के लिए जिला प्रशासन द्वारा गठित किए जाने वाले मेडीकल बोर्ड म प्रदेश के किसी भी मेडीकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों को शामिल किया जाए।
परिजनों ने मृतका श्रीमती शोभिका शर्मा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट को आधार बनाते हुए बताया कि इस रिपोर्ट में स्पष्ट अंकित है कि मृतका का यूट्रस कटा हुआ था। परिजनों ने मांग की है कि पोस्टमार्टम टीम आगे आकर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के सामने स्थिति स्पष्ट करे कि यूट्रस बॉडी के साथ था या नहीं। यदि नहीं था तो पोस्टमार्टम दल ने इस बारे में सही स्थिति से परिजनों को मौके पर अवगत क्यों नहीं कराया। और यदि यूट्रस था तो उसे विसरा के साथ क्यों नहीं भेजा गया। जबकि डिलीवरी के इस मामले में यूट्रस की भूमिका महत्त्वपूर्ण होती है।
परिजनों ने यह भी मांग की है कि इस बात को गंभीरता से लिया जाए और पुलिस प्रशासन जांच करें कि भटनागर नर्सिंग होम की डॉ. चित्र सजल ने यूट्रस को बॉडी के साथ भेजा या नहीं। यूट्रस न भिजवाने की स्थिति में पुलिस प्रशासन को चाहिए कि वह दोषी डॉक्टर को गिरफ्तार करे तथा नर्सिंग होम को सीज करे क्योंकि इस सारे मामले में जांच को निष्कर्ष तक पहुंचाने वाले तथ्यों को छिपाने का षडयंत्र किया गया है।
इस मामले को लेकर म जिला पुलिस अधीक्षक कन्हैयालाल बैरवा को भी ज्ञापन दिया और निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस संबंध में पूरी जानकारी देते हुए प्रदेश की राज्यपाल, मुख्यमंत्री, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री, राज्य एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं महिला आयोग आदि से भी हस्तक्षेप करने की मांग की गई है।
जनवरी में नई दिल्ली व जयपुर में प्रेंस कान्फ्रेन्स
शोभिका शर्मा हत्याकाण्ड को लेकर परिजनों द्वारा आगामी जनवरी माह में नई दिल्ली एवं जयपुर में प्रेस कान्फ्रेन्स आयोजित कर मीडिया जगत को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही बांसवाडा जिले के बुद्धिजीवियों का दल नई दिल्ली एवं जयपुर में सत्ता और शासन तंत्र के शीर्ष नेताओं व उच्चाधिकारियों से भेंट करेगा और ज्ञापन सौंपेगा।