जयपुर, राज्यपाल एसके सिंह ने शुक्रवार को प्रातः 10.15 बजे राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में राज्य मंत्रिमण्डल के नव नियुक्त ग्यारह केबीनेट और दो राज्य मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मनोनीत मंत्रियों को शपथ दिलाने के लिए राज्यपाल से आग्रह किया। गहलोत ने सर्व प्रथम केबीनेट मंत्री के रूप में एमामुद्दीन अहमद खान का नाम पुकारा जिन्हें राज्यपाल ने मंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके बाद राज्यपाल ने भरतसिंह, बीना काक, बृजकिशोर शर्मा, हरजीराम बुरडक, हेमाराम चौधरी, महेन्द्रजीत सिंह मालविया, महिपाल मदेरणा, मास्टर भंवरलाल मेघवाल, परसादीलाल मीना और शांतिकुमार धारीवाल को केबीनेट मंत्री की शपथ दिलाई।
समारोह में इनके अलावा श्री रामकिशोर सैनी और श्रीमती गोलमा देवी ने राज्यमंत्री पद की शपथ राज्यपाल से ग्रहण की।
सभी केबीनेट एवं राज्य मंत्रियों ने राष्ट्रभाषा हिन्दी में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
शपथ पश्चात राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को दिली मुबारबाद दी। इस दौरान समारोह में उपस्थित जनता का मंत्रियों ने हाथ हिलाकर और हाथ जोडकर अभिवादन स्वीकार किया। मंच से उतरने के पश्चात मंत्रियों ने एक दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। वे वहां उपस्थित अतिथियों के पास भी गये और उनकी भी बधाई स्वीकार की।
शपथ ग्रहण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा सिंह, राज्यपाल की धर्मपत्नी श्रीमती मंजू सिंह, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के निर्वतमान अध्यक्ष डॉ बी डी कल्ला व वर्तमान अध्यक्ष डा. सीपी जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाडिया, नव निर्वाचित विधायकगण, पूर्व मंत्री एवं विधायक डा. किरोडी लाल मीणा के अलावा राज्य के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आये नागरिकगण, प्रशासनिक, पुलिस, न्यायिक सेवा के अधिकारीगण आदि भारी संख्या में मौजूद थे।