बीकानेर, २० जुलाई। बैक ऑफ बडौदा की स्थापना के शताब्दी वर्ष के प्रवेश पर शुक्रवार को सबके मंगलमय जीवन की कामना व सुख व समृद्धि के लिए हवन किया गया। हवन में बैंक के अधिकारियों, उद्योगपतियों, बैंक के ग्राहकों ने आहुतियां दी। हवन डूंगर कॉलेज के हिन्दी विभाग के विभागाध्यक्ष डा. उमाकांत गुप्ता, भारत भूषण गुप्ता ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियां दिलाई। स्टेशन रोड शाखा के प्रबंधक एन.के. कालाणी ने बताया कि बैंक के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में ग्राहकों को लाभ देने वाली शताब्दी सावधि जमा योजना का शुभारंभ किया गया है, जिसमें आम नागरिकों को ९.७५ प्रतिशत तथा वरिष्ठ नागरिकों को १०.२५ प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बैंक के शताब्दी वर्ष पर देश भर में पचास हजार वृक्ष लगाए जाएंगे। बैंक ने अपनी सभी प्रमुख शाखाओं को इंटरनेट से जोड दिया है तथा शेष शाखाओं को इस वर्ष जोड दिया जाएगा। सभी प्रमुख शहरों में बैंक की ओर से ए.टी.एम. स्थापित किए जा रहे है। गंगाशहर में शीध्र ही ए.टी.एम. लगाया जाएगा। हवन के बाद बडौदा बैंक की सभी शाखाओं के स्टाफ सदस्यों, पूर्व स्टॉफ सदस्यों की एक बैठक आयोजित की गई जिसमें बेहतर ग्राहक सेवा देने का संकल्प लिया गया। बैठक में स्टेशन शाखा के ४१ वें स्थापना दिवस को उत्सव पूर्वक मनाया गया। बैठक में वरिष्ठ शाखा प्रबंधक एन.के. कालाणी ने बताया कि शाखा का अब तक जमा एवं ऋण का आंकडा १०० करोड पार कर गया है, जो अपने आप में कीर्तिमान है। बैंक ने विदेशी विनिमय का ७५ करोड से अधिक का व्यवसाय किया है। इसके अतिरिक्त सरकारी कर संग्रहण में भी शाखा ने विशेष स्थान बनाया है।