बजरंग दली जाएगें ९ बूढा अमरनाथ
सूरतगढ, बजरंग दल की बैठक में 9 अगस्त को बूढा अमरनाथ जाने के लिए तैयारी की गई। इस बाबत निर्देश दिए कि सभी वार्ड प्रमुख अपने वार्डों से यात्रियों की सूची तैयार कर 28 जुलाई को जिला कार्यालय में जमा करवाएं। मठ मन्दिर प्रमुख परमानन्द मंगे ने कहा कि प्रसिद्ध खेजडी मन्दिर में हो रही असामाजिक तत्वों की हरकतों पर अंकुश लगाने के लिए बजरंग दल अपने स्तर पर सुरक्षा करेगा। इसके अलावा कोटा इलाके में बजरंग दल कार्यकर्ता के निर्मम हत्या पर विरोध करते हुए तीन मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर जिला संयोजक महेन्द्र नागर प्रखण्ड संयोजक इन्द्र शर्मा, प्रखण्ड सहसंयोजक कपिल फूलका, गोसेवा प्रमुख मेघराज सोनी, अखाडा प्रमुख विक्की मौर्य, सत्संग प्रमुख पवन मित्तल, सुरक्षा प्रमुख योगेश शर्मा आदि ने भाग लिया।
पुलिस उपाधीक्षक नाजिमअली को विदाई, थानाधिकारी रामनिवास मीणा का स्वागत
सूरतगढ, पुलिस उपाधीक्षक नाजिमअली खान, थानाधिकारी नन्दलाल सैनी व उपनिरीक्षक सुरेश स्वामी को एक सादे समारोह में राजियासर व सूरतगढ थाना स्टाफ द्वारा विदाई दी गई। साथ ही नए उपाधीक्षक प्रकाश शर्मा व थानाधिकारी रामनिवास मीणा का स्वागत किया गया। खान व सैनी ने कहा कि उन्हें कम नफरी के बावजूद भी स्टाफ का व्यापक सहयोग मिला। इसी कारण अपराधों का ग्राफ बढ नहीं पाया। उन्होंने मीडिया के सहयोग के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन राजियासर थानाप्रभारी ने किया।
क्षमाराम जी महाराज के चातुर्मास को लेकर बैठक सम्पन्न
सूरतगढ, सिंथल पीठाधीश्वर श्री क्षमाराम जी महाराज के अगले वर्ष होने वाले चातुर्मास को लेकर रविवार को चौपडा धर्मशाला में सभी संगठनों की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर उपस्थित धार्मिक, सामाजिक व व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने चातुर्मास के विशाल आयोजन हेतु तन-मन-धन से सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक की शुरुआत अमृतवाणी के पाठ के साथ हुई। इसके बाद नवाह्न परायण समिति के नरेश सारडा ने बताया कि अगले वर्ष एक जुलाई से 31 अगस्त तक नई धानमण्डी प्रांगण में क्षमाराम जी महाराज का चातुर्मास होगा, जिसको लेकर पूरे इलाके में उत्साह बना हुआ है। इस विशाल आयोजन को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं बाबत यह बैठक आयोजित की गई है। बैठक में विभिन्न व्यक्तियों ने आयोजन सम्बंधी व्यवस्थाएं लेने के साथ आर्थिक सहयोग भी देने का आश्वासन दिया। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त व्यापारी संगठन के प्रधान भगवानदास धींगडा ने की।