बीकानेर, मिलावटखोरों पर नकेल डालने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा चलाये जा रहे शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत प्रशासन की संयुक्त टीम ने जिला रसद अधिकारी राजीव भाकल के नेतृत्व में नगद नारायण के दो कारखानों पर छापा मारकर खाद्य पदार्थों के नमूने लिये। बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में स्थित दो कारखानों पर की गयी इस कार्रवाई के दौरान
कई विभागों की संयुक्त टीम के सदस्यों ने नगद नारायण और अन्य मार्का वाले विभिन्न प्रकार के बिस्किट व शुगर कैण्डी सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिये और उन्हें सीज करके जांच के लिए जयपुर भेज दिया गया। संयुक्त दल में शामिल विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने इन दोनों कारखानों में चल रही खामियों को माना और उनके बारे में संबंधित विभागों में सूचना देने की बात कही। सैम्पल लेने गई संयुक्त टीम में जिला रसद अधिकारी राजीव भाकल, उद्योग विभाग से अमरसिंह ढाका, रसद विभाग के निरीक्षक पार्थ सारथी उरमूल डेयरी से एस.एस. राठौड पशुपालन विभाग से डॉ.जैनुल आबदीन स्वास्थ्य विभाग से फूड इंस्पेक्टर गोपाल शर्मा, हंसराज आदि अधिकारी शामिल थे।
कार्रवाई के दौरान खाद्य निरीक्षक की भूमिका संदिग्ध
बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र स्थित नगद नारायण के दोनों कारखानों में की गई छापे की कार्रवाई के दौरान सामने आया कि वहां खाद्य पदार्थ बना रहे कारीगरों और मजदूरों का खाद्य नियमो के सिर भी नहीं ढका था और न ही उनके हाथों में दस्ताने पहने हुए थे। जानकारी के मुताबिक खाद्य पदार्थ बनाने वाले कारखानों में कारीगरों और मजदूरों को सिर ढकना और हाथों में दस्ताने पहनना अनिवार्य होता है। सैम्पल भरने गये दल में शामिल स्वास्थ्य विभाग के फूड इंस्पेक्टर गोपाल शर्मा से इस बारे में मौके पर पहुंचे पत्रकारों ने बात की तो उनका मानना है कि दोनों कारखानों में सब ठीक चल रहा है। गौरतलब है कि संयुक्त दल के अधिकारियों और पत्रकारों के सामने उडाई जा रही खाद्य पदार्थ कारखानों के नॉर्म्स की धज्जियां यह दर्शाती और समझाती है कि फैक्ट्री के धन्ना सेठ व स्वास्थ्य विभाग के फूड इंस्पेक्टर की मिलीभगत है। कारखानों में की जा रही अनियमितता फूड इंस्पेक्टर को नहीं दिखाई दे रही थी।
दोनों कारखानों में उजागर हुई घोर अनियमितताएं
नगद नारायण के दोनों कारखानों में घोर अनियमितताएं देखी गई। कारखानों में बाल श्रमिक कार्य कर रहे थे। तैयार हो चुके खाद्य पदार्थों को ढककर नही रखने के कारण पर मक्खियां आदि भिनभिना रही थे। इस कारखाने में स्वच्छता का किसी भी प्रकार से ध्यान नहीं रखा जा रहा था। इस प्रतिष्ठान के एक कारखानें में एक प्रतिष्ठित कंपनी के ब्राण्ड उत्पाद के हुबहु नाम का उत्पाद भी बडे बडे कार्टूनों में पैक देखे गये। इन सभी अनियमितताओं के संदर्भ में पत्रकारों ने संयुक्त टीम के अधिकारियों से बात की तो उनका कहना था कि अलग अलग अनियमितताओं के बारे में संबंधित विभागों में सूचना भेजी जायेगी। गौरतलब है कि इस फर्म के खिलाफ पूर्व में वाणिज्य कर विभाग भी कार्रवाई कर चुका है।