बीकानेर। भारतीय मजदूर संघ की ओर से गुरूवार को महंगाई के विरोध में रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। रतनबिहार पार्क से कलेक्टर कार्यालय परिसर तक रैली निकाल कर विरोध जताया गया। रैली में शामिल भामसं से संबंधित कर्मचारी व मजदूर संगठनों ने केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर देश में लगातार बढ रही महंगाई के लिए केन्द्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। भारतीय मजदूर संघ के बीकानेर संभाग प्रभारी एवं कोषाध्यक्ष रमन सूद ने कहा कि केन्द्र सरकार देश में लगातार बढ रही महंगाई को रोकने में असफल साबित हुई एक अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री द्वारा आंकडों का मायाजाल दिखाकर देश की जनता को भ्रमित किया जा रहा है जबकि देश का हर वर्ग अनियंत्रण बढ रही महंगाई से परेशान है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री एवं वितमंत्री द्वारा दिये जा रहे बयानों से अनियंत्रित रूप से महंगाई में बढोतरी हुई है। आज देश का आमजन व गरीब महंगाई से जहां एक ओर पीडत है वहीं दूसरी ओर केन्द्र सरकार की विफल नीतियों के चलते देश के जमाखोरों को बढावा मिला है। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ देश के आमजन, गरीब, किसान हर वर्ग के साथ खडा है वह महंगाई को रोकने में विफल केन्द्र सरकार की विफल नीतियों का विरोध करता है। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री भूपेन्द्र रस्तोगी ने कहा कि आज पूरा देश महंगाई के दौर से गुजर रहा है जिससे आमजन प्रभावित है। इस मौके पर जलदाय विभाग, आंगनबडी व भवन निर्माण मजदूर संघ सहित भामसं से जुडे विभिन्न कर्मचारी व मजदूर संगठनों ने रैली समाप्ति के अवसर पर सभा को संबोधित कर देश में लगातार बढ रही महंगाई पर विरोध प्रकट किया।