बीकानेर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगामी दिनों में आयोजित होने वाले बाबा रामदेव, श्री सियाणा भैरव एवं पूनरासर हनुमान मलों के अवसर पर समुचित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। कार्यवाहक उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवल गुप्ता के अनुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा छह स्थानों पर बुखार उपचार केन्द्र स्थापित करने के साथ पैदल यात्रियों के लिए बीकानेर से रामदेवरा के मार्ग में आने वाली जिले की सीएचसी, पीएचसी एवं उपस्वास्थ्य केन्द्रों पर आपातकालीन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने बताया कि पैदल मार्ग पर विश्राम स्थलों के आसपास बुखार उपचार केन्द्र स्थापित किए गए हैं जहां पर बुखार रोगियों की रक्त पट्टिकाओं के संचय के साथ एफआरटी बुखार रोगियों को उपलब्ध करवाई जाएगी। डॉ. गुप्ता के अनुसार रामदेवरा पैदल यात्रियों के लिए मेडिकल मोबाइल टीम की भी व्यवस्था की गई है इसके साथ मेले से आने के बाद जिले में बुखार रोगियों का सर्वे कर उन्हें उपचार किया जाएगा इसके लिए विशेष कार्यक्रम चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्री सियाणा भैरव एवं पूनरासर हनुमान के वार्षिक मेलों के अवसर पर विभाग द्वारा विशेष टीम का गठन कर मेलार्थियों के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।