हनुमानगढ,२० अक्टूबर। श्रीगंगानगर एवं हनुमानगढ जिले के समस्त गौरव सैनानियों (भूतपूर्व सैनिक) एवं उनके आश्रितों के लिए २४ अक्टूबर को प्रातः १० बजे से श्रीगंगानगर में सैनिक छावनी में रैली का आयोजन होगा । श्रीगंगानगर के जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल विजय सिंह चौधरी ने बताया कि इस रैली में चिन्हित अभिलेख कार्यालयों (रिकार्ड ऑफिस) महानिदेशक पुर्नवास मुख्यालय दिल्ली और रक्षा पेंशन मुख्यालय इलाहाबाद की टीमें भी आएंगी। इसके अतिरिक्त जिला मुख्यालय से विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाई जाएंगी। श्रीगंगानगर स्थित सेना के मुख्यालय की ओर से सीएसडी कैन्टीन, भू०पू० सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) एवं मेडिकल टीम (स्वास्थ्य जांच) स्टॉल भी लगाई जाएगी तथा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय की स्टॉल भी लगेगी। स्थानीय सेना मुख्यालय द्वारा रैली में उपस्थित होने वाले गौरव सैनानीयों, आश्रितों के लिए अल्पाहार, भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी । रैली में भाग लेने वाले पूर्व सैनिकों, आश्रितों को अपनी समस्याओं से सम्बन्धित सभी दस्तावेज अपने साथ लेकर आना होगा। सेना से सम्बन्धित समस्याओं के लिए अपना डिस्चार्ज बुक, पूर्व सैनिक पहचान पत्र, पेंशन बुक, पीपीओ, बैंक पास बुक तथा अन्य प्रकारण के सम्बन्धित दस्तावेज साथ लेकर आएं। गौरव सैनानीयों , आश्रितों के परिवहन के लिए प्रत्येक तहसील मुख्यालय से रैली स्थल तक वापसी के लिए गाडयों की व्यवस्था की जा रही है। अधिक जानकारी के लिए श्रीगंगानगर में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के दूरभाष नम्बर ०१५४-२४४२५४७ पर भी सम्फ कर सकते है।