डूंगरपुर, २० नवम्बर/डूंगरपुर के ७२६ वें स्थापना दिवस के उपलक्ष में यहां लक्ष्मण मैदान में पांच दिवसीय भव्य वागड महोत्सव की धूम बुधवार २१ नवम्बर से शुरू होगी। इसे लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इसका आयोजन जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग तथा डूंगरपुर नगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
जिला कलक्टर नीरज के.पवन ने बताया कि वागड महोत्सव के अन्तर्गत लक्ष्मण मैदान में पांच दिन तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, रोचक खेल व साहित्यिक-सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धाओं और विभिन्न प्रदर्शनियों की धूम रहेगी। इस महोत्सव में स्थानीय तथा देश-विदेश में मशहूर लोक कलाकार* अपने फन दिखाएंगे। इनमें वागड अंचल के मौलिक सांस्कृतिक एवं कला वैभव को दर्शाने पुरातन लोक रंगों का दिग्दर्शन भी होगा। इस दौरान् मनोहारी आतिशबाजी भी होगी।
रन-फॉर-वागड
रंगारंग महोत्सव के आयोजन से आमजन, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों व विद्यार्थिय को जोडने के लिए जिला प्रशासन व पर्यटन विभाग द्वारा रन-फॉर-वागड का आयोजन किया जाएगा। बुधवार प्रातः ७ बजे स्थानीय जिला कलेक्ट्रेट व डाईट भवन से अलग-अलग प्रारंभ होने वाली इस दौड में शहर के सभी प्रमुख विद्यालयों के २ हजार ३०० से अधिक विद्यार्थियों के साथ ही समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शहरवासी सम्मिलित होंगे और *नगर स्थापना दिवस के पर होने वाले इस अनूठे आयोजन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शायेंगे। स्वयं जिला कलक्टर नीरज के.पवन कलेक्ट्रेट से रन-फॉर-वागड का नेतृत्व करेंग। कलेक्ट्रेट व डाईट से प्रारंभ होने वाली इस दौड में सम्मिलित जन तहसील चौराहे पर सम्मिलित होंगे और एक साथ गेपसागर पाल, पुराना हॉस्पीटल चौराहा, मुख्य बाजार, माणक चौक, दर्जी वाडा होते हुए पुनः गेपसागर पाल से गुजरते हुए लक्ष्मण मैदान पहुंचेंगे। यहां पर दौड में सम्मिलित होने वाले सभी संभागियों के लिए डेयरी की तरफ से गर्मागर्म दूध व मेवाड डेयरी की ओर से जलेबी की व्यवस्था की गई है। जिला कलक्टर नीरज के.पवन ने अधिकाधिक लोगों को इसमें सम्मिलित होने की अपील की है।
केबिनेट मंत्री कटारा करेंगे उद्घाटन
२१ तोपों की सांकेतिक सलामी से होगा धमाकेदार आगाज
पांच दिवसीय रंगारंग वागड महोत्सव का शुभारंभ प्रदेश के जनजाति क्षेत्रीय विकास, महिला एवं बाल विकास मंत्री कनकमल कटारा स्थानीय लक्ष्मण मैदान में प्रातः १०.३० बजे आयोजित समारोह में करेंगे। उद्घाटन समारोह में ही लोक कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ ही जनजाति अंचल की पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। *भव्य महोत्सव के धमाकेदार आगाज करने के लिए ख्यातनाम उस्मानभाई शोरगर द्वारा सांकेतिक रूप से २१ तोपों की सलामी का नजारा प्रस्तुत किया जाएगा। इस मौके पर वागड महोत्सव लिखे हुए दो विशाल गुब्बारे भी आसमान में स्थापित किए जायेंगे तथा पांच कबूतरों को नभमुक्त किया जाएगा।
इस मौके पर लक्ष्मण मैदान में सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय की ओर से लगाई गई फोटो, पेन्टिंग और वागडी साहित्य प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया जाएगा। प्रदर्शनी में वागड के परिवेशीय सौन्दर्य को उद्घाटित करने वाले रंगीन व श्वेतश्याम फोटोग्राफ्स के साथ ही जिले के नवोदित व स्थापित कलाकारों की पेन्टिग्स को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा वागड अंचल के साहित्यकारों द्वारा वागडी बोली में सृजित साहित्य की भी एक प्रदर्शनी स्थापित की जा रही है।
’डूंगरपुर विकास सारथी‘ का होगा लोकार्पण
महोत्सव के उद्घाटन समारोह में ही स्थानीय चित्रकार रूपेश भावसार द्वारा डूंगरपुर की सात शताब्दियों की विकास यात्रा पर बनाई गई विशेष कलाकृति का लोकार्पण किया जाएगा। इस कलाकृति में डूंगरपुर के रियासकालीन शासकों के साथ ही वर्तमान डूंगरपुर को चहमुखी विकास पथ पर अग्रसर करने वाले व्यक्तित्वों को शहर के नैसर्गिक सौन्दर्य पर उकेरा गया है।
भव्य शोभायात्रा का रहेगा आकर्षण
सजे धजे गज, अश्व व ऊॅटों से निखरेगी यात्रा की शोभा
महोत्सव के रंगारंग उद्घाटन के पश्चात स्थानीय लक्ष्मण मैदान से ही ढोल-ढमाकों, लोक वाद्यों की सुमधुर धुनों पर भव्य शोभायात्रा निकलेगी। इसमें वागड अंचल के लोक कलाकारों के साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों से आए मशहूर कलाकार अपने-अपने प्रदेश की मौलिक सांस्कृतिक कलात्मक वेशभूषा में शामिल होंगे और रास्ते भर नृत्य-गायन कर लोगों का मन मोहेंगे। शोभायात्रा में एक हाथी, दस-दस ऊॅट व घोडे मय सवार, कलशधारी महिलाएं, बालिकाएं, कलेक्ट्रेट परिसर के सभी अधिकारी व कर्मचारी यूनिफॉर्म में सम्मिलित होंगे। इसमें शहर के पांच विद्यालयों के बेण्ड, मेवाड भील कोर, आर्मी तथा पुलिस विभाग के बेण्ड भी स्वर लहरियां निकालते हुए शोभायात्रा में आकर्षण बिखेरेंगे। इसके अलावा पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र उदयपुर व वागड अंचल के कलाकार वनवासी संस्कृति और वागड की पुरातन परम्पराओं की झलक दिखाते हुए पारंपरिक वेशभूषा में सम्मिलित होंगे। जिले की पांचों पंचायत समितियों से गैर नर्तकों एक-एक का दल तथा एक-एक रंगारंग झांकी भी शोभायात्रा का आकर्षण रहेगी।
शोभायात्रा लक्ष्मण मैदान से निकल कर तहसील चौराहा, गेपसागर, पुराना हॉस्पिटल सर्कल, माणक चौक, मोची बाजार आदि मुख्य मार्गों से होती हुई वापस गेपसागर पाल पर पहुंचेगी। यहां पर भव्य दीपदान कार्यक्रम होगा जिसमें शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी आकर्षक वेशभूषा में तीन हजार से अधिक दीपकों को गेपसागर के पानी में प्रवाहित करेंगे वहीं पार्श्व में पर्यटन विभाग की ओर से मशहूर शोरगर मोहम्मद उस्मान आतिशबाजी का कमाल दिखाएंगे।