अनिल-नाना- सलामत रहा ये दोस्ताना
20 Dec
2007
वर्ष 1989 में आई विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म ‘परिंदा’ में नाना पाटेकर और अनिल कपूर एक साथ दिखाई दिए थे।
वर्ष 1989 में आई विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म ‘परिंदा’ में नाना पाटेकर और अनिल कपूर एक साथ दिखाई दिए थे। अब अठारह साल बाद अनिल कपूर और नाना पाटेकर की जोड़ी एक बार फिर अनीस बज्मी की ‘वेलकम’ में दिखाई देगी। यह फिल्म शुक्रवार, 21 दिसंबर को प्रदर्शित हो रही है। दोनों व्यक्तिगत रुप से भी गहरे दोस्त हैं। नाना याद करते हुए बताते हैं कि ‘परिंदा’ के सेट पर अनिल ने मुझे बुहत सताया था। अनिल अक्सर मुझसे कहते कि वे शॉट से खुश नहीं हैं और वे इसे फिर से शूट करना चाहते हैं। नतीजा यह होता था कि पहले अच्छा शॉट देने के बावजूद मुझे बार-बार एक्टिंग करनी पड़ती और आखिर में अनिल कहते, लगता है, पहले वाला शॉट ही बेहतरीन है।
नाना को अनिल कपूर का यह नटखटपन बहुत भाया और दोनों की दोस्ती भी गाढ़ी होती गई। नाना कहते हैं कि अनिल को देखकर लगता ही नहीं है वे एक जवान लड़की के पिता हैं। वे अभी भी अपनी शरारतों से बाज नहीं आते।’ नाना मजाकिया लहजे में कहते हैं, ‘मैं कभी बुड्ढा नहीं होउंगा और अनिल अपना बचपना नहीं छोड़ेंगे। हमारी जोड़ी बेजोड है।’
अनिल कहते है कि इस इंडस्ट्री में आप हमेशा अपने पसंदीदा लोगों के साथ काम नहीं कर सकते। यह सब पटकथा और परिस्थितियों पर निर्भर करता है। लेकिन मैं हमेशा नाना के साथ काम करना पसंद करूंगा। मेरी इच्छा है कि हम दोनों मिलकर एक फिल्म भी बनाएं।
|