जयपुर, असम के राज्यपाल शिवचरण माथुर ने कहा कि वैश्वीकरण के इस दौर में भारतीय टेक्सटाईल उद्योग को नई ऊँचाइयाँ देने की दिशा में मिलकर सार्थक प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि टेक्सटाईल उद्योग के क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों का मुकाबला तकनीकी ज्ञान, आधुनिकीकरण एवं गुणवत्ता के आधार पर ही किया जा सकता है।
राज्यपाल शनिवार को भीलवाडा के राजीव गांधी ऑडिटोरियम में टेक्सटाईल एसोसिएशन आफ इण्डिया की राजस्थान इकाई के तत्वावधान में आयोजित चौंसठवीं आल इण्डिया टेक्सटाईल कान्फ्रेंस को मुख्य अतिथि पद से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने टेक्सटाईल उद्योग के उन्नयन, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा उद्यमियों के समक्ष आने वाली कठिनाइयों का निराकरण कर उन्ह अधिकाधिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की जरुरत बताई।
उन्हने भीलवाडा में टेक्सटाईल उद्योग के वर्तमान परिदृश्य एवं भावी संभावनाओं पर प्रकाश डाला और कहा कि देश के इस प्रमुख टेक्सटाइल सेन्टर पर आयोजित हो रही राष्ट्रीय स्तर की कान्फ्रेंस में वैचारिक मंथन के पश्चात् जो निष्कर्ष उभरकर आता है, सुझाव प्राप्त होते हैं और जो निर्णय लिये जाते हैं उनका ‘‘भीलवाडा चार्टर के रुप में आधारभूत दस्तावेज तैयार किया जाये।
समारोह में भीलवाडा के सांसद वीपी सिंह ने ‘‘थिंक ग्लोबल एक्ट लोकल के सिधान्त पर चलते हुए टेक्सटाईल उद्योग के क्षेत्र में विश्वस्तर पर होने वाले परिवर्तनों को अपनाने का सुझाव दिया ताकि अन्य देशों के मुकाबले हम भी टेक्सटाइल उद्योग को नये आयाम देकर प्रतिस्पर्धा का मुकाबला कर सकें। उन्होंने आधारभूत संरचनाओं पर अधिक ध्यान देने की भी बात कही।
प्रारंभ में टेक्सटाईल एसोसिएशन की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष आरएन नौलखा ने स्वागत उद्बोधन दिया। कान्फ्रेन्स के चेयरमेन आरपी सोनी ने बताया कि दो दिवसीय इस कान्फ्रेन्स में टेक्नीकल टेक्सटाईल, स्पिनिंग टेक्नोलोजी, नवाचार, केमीकल प्रोसेसिंग, फेब्रिक मेन्यूफेक्चरिंग, स्पिनिंग टेक्नोलोजी सहित अनेक बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कान्फ्रेन्स में वाईस चेयरमेन आरएल नौलखा ने संबोधित किया।
टेक्सटाईल एसोसिएशन आफ इण्डिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. पीआर राय ने एसोसिएशन की गतिविधियों के बारे में बताया। मुख्य वक्ता के रूप में जापान से आए डा. टी. मातसुओ ने ‘‘पावर पाइन्ट प्रजेन्टेशन के माध्यम से टेक्नीकल टेक्सटाईल विषय पर जानकारी दी।
समारोह में मुख्य अतिथि ने स्मारिका का विमोचन किया तथा उद्योगपति एलएन झुंझुनवाला को आनरेबल मेम्बरशिप अवार्ड प्रदान किया। झुंझुनवाला की अनुपस्थिति में आरएसडब्ल्यूएम लि. गुलाबपुरा के सीईओ प्रकाश माहेश्वरी ने यह अवार्ड प्राप्त किया। इसके अलावा आरएन गुप्ता को इण्डस्ट्री एक्सीलेंस अवार्ड, अशोक जुनेजा को सर्विस गोर्ल्ड मेडल, अशोक वेदा एवंएन.के. नागपाल को सर्विस मेमेन्टो प्रदान किया गया। एसोसिएशन की दिल्ली इकाई को ‘‘बेस्ट यूनिट अवार्ड एवं राजस्थान यूनिट को ‘‘बेस्ट स्माल यूनिट अवार्ड प्रदान किया गया। अंत में धीरेन्द्र शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।