जयपुर, (विकास यादव) श्रीगंगानगर-हनुमानगढ जिले के सत्तारूढ विधायकों ने जल संसाधन मंत्री सांवरमल जाट से गुरुवार को मुलाकात कर इन्द्रागांधी नहर परियोजना के प्रथम चरण नहरों में पर्याप्त सिंचाई पानी देने का आग्रह किया है। विधायकों के इस प्रतिनिधि मण्डल में सूरतगढ विधायक अशोक नागपाल, संगरिया के स. गुरजंट सिंह बराड, टिब्बी के धर्मेन्द्र मोची व रायसिंहनगर के लालचंद मेघवाल शामिल थे। इन विधायकों के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान स्थिति में पाळे से सरसों व चना की फसल बर्बाद हो चुकी है। ऐसी स्थिति में किसानों की आस मात्र गेहूं की फसल पर बची हुई है। कहा गया है कि वर्तमान समय में गेहूं की फसल को सिंचाई सुविधा नहीं मिल पाई तो वह नष्ट हो जाएगी। ऐसे में किसानों की हालत क्या होगी इसकी कल्पना करना भी भयावह लगता है। ज्ञापन में बताया गा है कि श्रीगंगानगर व हनुमानगढ जिलों के जनप्रतिनिधियों के आग्रह पर प्रथम चरण की सभी शाखाओं में किसानों को सिंचाई पानी उपलब्ध करवाकर गेहूं की फसल को बचाने की व्यवस्था करवायें। विधायक अशोक नागपाल ने बताया कि जल संसाधन मंत्री श्री जाट ने तुरंत हनुमानगढ के सिंचाई मुख्य अभियंता डी.एस. नोत्रा को दूरभाष पर इस सम्बंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिये। जनप्रतिनिधियों को सांवरमल जाट ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार किसी भी स्थिति में गेहूं की फसल को नष्ट नहीं होने देगी।