सूरतगढ, 21 फरवरी। विभिन्न मांगों को लेकर जनवादी नौजवान सभा व महिला समिति के आह्वान पर गुरुवार को एडीएम कार्यालय के समक्ष धरना देकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी ज्ञापन देने, एडीएम कार्यालय पहुंचे तो वहां एडीएम के अनुपस्थित होने पर आक्रोशित होकर प्रदर्शन कारियों ने एडीएम कर्णसिंह के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद एडीएम कार्यालय के बैनर लगाकर धरना दिया गया। इस अवसर पर हुई सभा को राज्य कमेटी सदस्य ललित शर्मा, तहसील महासचिव गोवर्धन शर्मा, तहसील अध्यक्ष कालूराम गुडिया ने सम्बोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि शहर की जनता समस्याओं को लेकर त्रस्त है, लेकिन इनके लिए जिम्मेदार अधिकारी लापरवाह बने हुए है। उन्होंने चेतावनी दी कि 29 फरवरी तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो प्रशासन को पूर्णत ठप्प कर दिया जाएगा। बाद में मौके पर पहुंचे उप पंजियक कैलाश शर्मा से वार्ता की गई। वार्ता में उप पंजियक ने बताया कि छः माह पूर्व बीपीएल सूची हेतु प्राप्त आवेदन पत्रों की जांच पूर्ण कर नगरपालिका प्रशासन को भेज दी है। कुल प्राप्त 426॰ आवेदन पत्रों में से 1855 को बीपीएल के पात्र माना गया है। प्रतिनिधि मण्डल ने पात्र लोगों को शीघ्र राशनकार्ड जारी करने व निरस्त आवेदन पत्रों की दुबारा जांच प्रशासनिक स्तर पर करवाने की मांग की। इसके अलावा कैरोसिन कोटा बढाने, पेयजल आपूर्ति सुचारू करने आदि की मांगों पर भी उचित आश्वासन दिया गया। प्रतिनिधि मण्डल ने तहसील महासचिव गोवर्धन शर्मा, तहसील अध्यक्ष कालूराम बूडिया, उपाध्यक्ष जीतू शर्मा, पार्षद अजय धींगडा, एसएफआई के तहसील सचिव राजकुमार चौहान, महिला समिति की तहसील अध्यक्ष बादू देवी, सचिव राधा देवी, माकपा सचिव लक्ष्मण शर्मा आदि शामिल हुए।