सूरतगढ फेस्टीवल में ख्याली नाइट, राजीव गांधी की 17 वीं पुण्यतिथि मनाई, विकलांगों की विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श, समाजसेवा शिविर मे मुख्य बस स्टेण्ड की साफ-सफाई, राष्ट्रीय ग्रामीण गारंटी योजना में अनियमितताए, बिल्डिंग मेटेरियल की दरों में बेहताशा वृद्धि के विरोध में होगा धरना प्रदर्शन
विकास यादव
सूरतगढ फेस्टीवल में ख्याली नाइट
सूरतगढ, नगरपालिका द्वारा आयोजित 9 दिवसीय सूरतगढ फेस्टीवल में विभिन्न आयोजन करवाने के क्रम में 23 मई को लाफ्टर चेम्पियन ख्याली नाइट जन सहयोग से करवाने का निर्णय लिया गया है। स्टेडियम मैदान में रात्रि 9 बजे से शुरू होने वाली ख्याली नाइट में सुप्रसिद्ध लाफ्टर चेम्पियन ख्याली सहारण अपनी विश्व विख्यात प्रस्तुतियां देंगे। ख्याली सहारण के साथ उनके करब एक दर्जन सहयोगी कलाकार भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। अधिशाषी अधिकारी भंवरलाल सोनी के अनुसार कार्यक्रम को लेकर भव्य व व्यापक तैयारियां करवाई जा रही है। महिलाओं व बच्चों के बैठने के लिए माकूल इंतजाम आयोजित समिति द्वारा किये जा रहे हैं। सोनी ने इलाकावासियों से कार्यक्रम में पहुंचने के लिए निवेदन किया है।
राजीव गांधी की 17 वीं पुण्यतिथि मनाई
सूरतगढ, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 17 वीं पुण्यतिथि पर इलाके में कई कार्यक्रम आयोजित किये गए। नगर युवक कांग्रेस द्वारा राजकीय चिकित्सालय में मरीजों व उपस्थित जनों को फल वितरित किये गए। जिला महासचिव संजीव शर्मा व नगर अध्यक्ष धन्नाराम स्वामी के नेतृत्व में भर्ती रोगियों को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फल बांटे। इस अवसर पर बलराम वर्मा, परमजीत सिंह बेदी, रायबहादुर ताखर, पार्षद हरीश सेखसरिया भी उपस्थित थे। इसके बाद राजीव गांधी के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किये गए। वक्ताओं ने राजीव गांधी को आधुनिक भारत के निर्माण का प्रेरणास्रोत बताया। इस मौके पर उपाध्यक्ष निर्मल पारीक, महासचिव रमेश स्वामी, सुनील खत्री, गुरमीत सिंह, मोहन, रवि कुमार, आदित्य प्रकाश आदि ने विचार व्यक्त किये। कांग्रेस कमेटी भगवानसर द्वारा महेश हुड्डा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में आतंकवाद की घोर निंदा की गई। डारेक्टर राजकुमार मुंजाल सहित वेदप्रकाश मण्डा, धनराज लिम्बा, रामलाल, राजासिंह पंवार, प्रेमकुमार टाक, शरबन तेजस्वी, ओमप्रकाश टाक आदि ने विचार व्यक्त करते हुए राजीव को भारत रत्न बताया।
विकलांगों की विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श
सूरतगढ, जिला विकलांग संघ की बैठक पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में उपाध्यक्ष बाबूलाल माली की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस अवसर पर विकलांगों की विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श कर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में शिक्षित विकलांगों को सरकारी नियुक्तियां देने व प्रत्येक विकलांग को चयनित की श्रेणी में रखकर 40 किलो गेहूं का आवंटन सुनिश्चित करने की मांग की गई है। बैठक में आत्माराम तावणियां, ओमप्रकाश जलंधरा, जसपाल सिंह, ओमप्रकाश सहित बडी संख्या में विकलांग उपस्थित हुए।
समाजसेवा शिविर मे मुख्य बस स्टेण्ड की साफ-सफाई
सूरतगढ, सेठ रामदयाल राठी रा.उ.मा. विद्यालय में ग्रीष्मकालीन समाजसेवा शिविर के तहत सार्वजनिक स्थल मुख्य बस स्टेण्ड की साफ-सफाई की गई। व्याख्याता मूलचंद त्यागी, मन्दरसिंह व शिविर प्रभारी झम्मन लाल शर्मा के निर्देशन में स्वयं सेवकों ने बस अड्डा परिसर में झाडू निकालने के साथ पेशाब घरों की पानी व फिनाइल से सफाई की। बस स्टेण्ड परिसर में लगे पौधों में पानी डाला गया। फिनाइल व शर्फ दुकानदारों द्वारा मुहैया करवाए गए। इसके अलावा विद्यालय के आगे पिछले तीन दिनों से जारी ठण्डे पानी की सेवा आज भी बरकरार रही।
राष्ट्रीय ग्रामीण गारंटी योजना में अनियमितताए
सूरतगढ, पंचायत समिति सदस्य राजकुमार मुंजाल ने जिला कलेक्टर को पत्र भेजकर राष्ट्रीय ग्रामीण गारंटी योजना में बरती जा रही अनियमितताओं की शिकायत करते हुए दुरुस्त करने की मांग की है। एक पत्र में बताया गया है कि नरेगा के प्रचार-प्रसार में मजदूरों को 100 रुपये देने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब 10×10 के गड्ढे खुदवाए जा रहे हैं और इसका टास्क जेईएन 15 दिन बाद निकाल रहा है। जबकि राजस्थान में जबर्दस्त आंधियां चल रही है और मिट्टी से वापस गड्ढा भर जाने के कारण मजदूरी काफी कम मिल रही है। साथ ही इस गर्मी में मजदूर का भारी शोषण हो रहा है।
बिल्डिंग मेटेरियल की दरों में बेहताशा वृद्धि के विरोध में होगा धरना प्रदर्शन
सूरतगढ, बिल्डिंग मेटेरियल की दरों में बेहताशा वृद्धि के विरोध में एमईएस बिल्डर्स एसोसिएशन 23 मई को अपना काम ठप्प कर धरना प्रदर्शन करेगी। एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रव्यापी आह्वान पर 23 मई को यहां काम बंद रखा जाएगा तथा धरना-प्रदर्शन करके राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया जाएगा। अग्रवाल ने बताया कि बिल्डिंग मेटेरियल की दरों में लगातार इजाफा हो रहा है और इसे रोकने में केन्द्र सरकार विफल रही है। इस कारण ठेकेदारों का काम काफी प्रभावित हो रहा है। इसी के चलते 23 मई को ऐसोसिएशन के सदस्य हडताल पर रहेंगे।