जिले में नकली दवाओं के कारोबार की शिकायत पर प्रशासन ने की कार्रवाई
21 Jul
2007
पन्द्रह मेडिकल स्टोर्स को किया सील, चिकित्साधिकारियों व दवा निरीक्षक से जांच करवाई
डूंगरपुर २१ जुलाई/ एक निजी टेलीविजन चैनल पर डूंगरपुर शहर के एक मेडिकल स्टोर पर नकली दवाओं के कारोबार के संबंध में शुक्रवार रात्रि को की गई शिकायत पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की और संबंधित मेडिकल स्टोर का देर रात ही अचानक निरीक्षण कर दवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सील कर दिया। ऐहतियातन शहर के पन्द्रह अन्य थोक दवा विक्रेताओं के गोदामों की भी सील कर दिया गया। जिला कलेक्टर नीरज के.पवन ने बताया कि चैनल पर किसी दर्शक द्वारा की गई शिकायत के आधार पर रात्रि ११ बजे श्री हरिदेव जोशी सामान्य चिकित्सालय के समीप स्थित स्वस्तिक मेडिकल स्टोर को खुलवाया गया और जिला पुलिस अधीक्षक विजेन्द्र झाला के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.बीएल पारगी, सामान्य चिकित्सालय की प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेहरा अब्बास और अन्य चिकित्साधिकारियों द्वारा दुकान में मौजूद दवाईयों का स्टॉक से मिलान किया गया। यहां से दवाओं के नमूने लेने के बाद दुकान को सील कर दिया गया। इसी प्रकार ऐहतियातन शहर के समस्त पन्द्रह दवाओं के थोक विक्रेताओं के गोदामों को भी अतिरिक्त कलेक्टर एसएल पालीवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसवंतसिंह, पुलिस उपाधीक्षक कैलाशदान जुगतावत, उपखण्ड अधिकारी गजेन्द्रसिंह राठौड, तहसीलदार जसराम मीणा के नेतृत्व में बनाए गए एक विशेष दल द्वारा सील किया गया। इन समस्त दुकानों, गोदामों पर रात्रि से ही पुलिस का जाब्ता तैनात कर दिया गया। देर रात तक चली इस कार्रवाई दौरान केमिस्ट ऐसोसियेशन के सदस्य और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। शनिवार को सुबह से ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, दवा निरीक्षक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा शहर के विभिन्न दवा विक्रेताओं के गोदामों की जांच की और बिल तथा मौजूद स्टॉक की मिलान कर दवाओं की पुष्टि की।
|