जयपुर, बीस सूत्री कार्यक्रम की सफल क्रियान्विति करते हुए इसके जरिए लोगों को ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित करने में राजस्थान ने वर्ष 2007-08 में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन (टीपीपी डिवीजन) मंत्रालय द्वारा वर्ष 2007-08 के लिए जारी की गई बीस सूत्री कार्यक्रम की प्रगति रिपोर्ट में प्रदेश की उपलब्धियों को समूचे देश में सर्वश्रेष्ठ करार देते हुए पहली रेंक दी गई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व के वर्षों में जब प्रदेश ने इस कार्यक्रम में पहला स्थान प्राप्त किया था, तो कई अन्य राज्य भी उसके साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर थे। लेकिन वर्ष 2007&08 के लिए केन्द्र सरकार द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार इस वर्ष बीस सूत्री कार्यक्रम की क्रियान्विति में राजस्थान ने देश के अन्य सभी राज्यों से आगे रहते हुए यह विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त की है।
केन्द्र सरकार द्वारा जारी अप्रेल 2007 से मार्च 2008 तक की अवधि की इस रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान देश का ऐसा एकमात्रा राज्य है, जिसने बीस सूत्री कार्यक्रम के सभी बिन्दुओं, लक्ष्यों व पैरामीटर्स पर 90 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि हासिल की है।
बीस सूत्री कार्यक्रम के तहत देश के सभी राज्यों को 17 अलग-अलग बिन्दुओं पर ‘ए‘, ‘बी‘, ‘सी‘ एवं ‘डी‘ कैटेगरी प्राप्त करने पर अंक प्रदान किए जाते है। राजस्थान ने वर्ष 2007-08 में सभी 17 बिन्दुओं में ‘ए‘ श्रेणी प्राप्त कर कुल 51 अंक हासिल किए है तथा प्रदेश की उपलब्धियों को रिपोर्ट में शत-प्रतिशत करार देते हुए पहला स्थान प्रदान किया गया है।