आदि गणेश में पंचकुण्डीय महायज्ञ कल
21 Aug
2009
बीकानेर, श्रीआदि गणेश मंदिर में विश्व कल्याणार्थ व राज्य में सुख शांति, समृद्धि के लिए पंचकुण्डीय महायज्ञ कल से पंडित राजेन्द्र किराडू के आचार्यत्व में 21 वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा किया जायेगा। मंडल मदन व्यास ने बताया कि प्रातः 9 बजे प्रारंभ होने वाले यह यज्ञ दो दिन चलेगा, जिसकी पूर्णाहूति रविवार को गणेश चतुर्थी के दिन की जायेगी। यज्ञ में मनोज के.बिस्सा, कैलाश पारीक, श्याम पारीक, सोहनलाल सोनी, सांवरमल जोशी यजमान के रूप में आहूतियां देंगे। व्यास ने बताया कि गणेश चतुर्थी के दिन प्रातः 4 बजे गजानंद के तरल पदार्थों से अभिषेक करने के उपरांत विशेष श्रृंगार किया जायेगा। तत्पश्चात आरती होगी। दोपहर 12 बजे जन्मोत्सव आरती की जायेगी, जिसमें गणपति के 501 किलो का प्रसाद व 151 किलो के फलों का भोग लगाया जायेगा। सायंकाल जागरण किया जायेगा, जिसमें रामसा व्यास, राजेन्द्र व्यास, अशोक बांठिया, मनोज बिस्सा, कैलाश पारीक, लक्ष्मीनारायण सहित अनेक कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे। उन्होंने बताया कि मंदिर को विभिन्न प्रकार की रंगरोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया है। आयोजन के सफल संचालन के लिए अनेक कमेटियां गठित कर व्यवस्थाएं सौंप दी गई है।
|