जयपुर, २१ नवम्बर। संस्कृत शिक्षा निदेशालय, जयपुर द्वारा वर्ष २००७-२००८ के लिए संस्कृत विद्वानों को आर्थिक सहायता देने के लिए आवेदन पत्र ३१ दिसम्बर, २००७ तक आमंत्रित किये गये हैं।
यह आर्थिक सहायता, निदेशक संस्कृत शिक्षा के माध्यम से प्रत्येक वित्तीय वर्ष में देय होगी। योजनाओं में एक विद्वान एक समय में एक ही योजना के अन्तर्गत आर्थिक सहायता के लिए निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर सकेंगे। योजना के अन्तर्गत राजस्थान राज्य का मूल निवासी ही आर्थिक सहायता प्राप्त करने के लिए पात्र होगा तथा आयु सीमा में कोई प्रतिबन्ध नहीं होगा। इन योजनाओं के लिए संस्कृत शिक्षा निदेशालय को निर्धारित प्रपत्र में ही निर्धारित तिथि तक आवेदन प्रस्तुत करना होगा।
साहित्य सृर्जन के प्रयोजनार्थ आर्थिक सहायता अधिकतम उन तीन संस्कृत विद्वानों को दी जायेगी जो कम से कम ५ वर्ष से मान्यता प्राप्त अनुसंधान का कार्य कर रहे हैं और भविष्य में भी इस कार्य को जारी रखेंगे।
योग्यता पुरस्कार संस्कृत के अधिकतम तीन विद्वानों को प्रदान किया जायेगा। जिन्होंने विगत पांच वर्षों में उच्च स्तर की मौलिक संस्कृत ग्रन्थ की रचना से संस्कृत साहित्य की समृद्धि की हो।
जीवन निर्वाह के प्रयोजनार्थ आर्थिक सहायता एक वर्ष में अधिकतम तीन ऐसे प्रतिष्ठित संस्कृत विद्वानों को दी जायेगी, जिन्होंने संस्कृत के क्षेत्र में उल्लेखनीय भूमिका का निर्वाह किया हो तथा जो वर्तमान में आर्थिक दृष्टि से अभावग्रस्त जीवन यापन कर रहे हों।
इन आर्थिक सहायता के नियम एवं मापदण्डों के अन्तर्गत आने वाले इच्छुक संस्कृत के विद्वान निर्धारित आवेदन पत्र में योग्यता सम्बन्धी विवरण एवं स्वलिखित सूचनाओं सहित ३१ दिसम्बर, २००७ तक निदेशक, संस्कृत शिक्षा, राजस्थान, डॉ. राधाकृष्णन शिक्षा संकुल, ब्लाक नं.६ द्वितीय तल , जवाहरलाल नेहरू मार्ग, जयपुर को आवेदन पत्र भेज सकते हैं।